)
गया शहर के गोदावरी स्थित अपने आवास पर मंगलवार को लघु जल संसाधन मंत्री और हम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पत्रकारों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने लोजपा(रा) और हम पार्टी के बीच सीटों को लेकर चल रही अटकलों पर सफाई दी और कहा कि दोनों दलों में किसी तरह का मतभेद नहीं है.
पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वे अपने-अपने स्तर पर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, 'अगर चिराग पासवान किसी सीट पर काम कर रहे हैं तो इसमें बुराई नहीं है. वे भी एनडीए को मजबूत करने का ही काम कर रहे हैं. अभी सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है. जब होगा तो स्थिति साफ हो जाएगी. सभी दल मिलकर प्रचार करेंगे.'
मंत्री संतोष सुमन ने स्पष्ट किया कि हम पार्टी भी 243 सीटों पर तैयारी कर रही है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी गठबंधन से अलग है. उन्होंने कहा कि एनडीए के पांचों दलों को हर सीट पर तैयारी करनी चाहिए. तैयारी का उद्देश्य यह है कि कार्यकर्ताओं में जोश और आत्मविश्वास बना रहे.
चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन पर मंत्री संतोष सुमन ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने लोगों को गुमराह किया कि लाखों नाम सूची से काटे जा रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है. उन्होंने कहा कि नाम जोड़ने की सुविधा चुनाव से दस दिन पहले तक उपलब्ध है. 'फाइनल सूची में जो नाम है वही मान्य होगा. विपक्ष ने झूठ का मायाजाल फैलाया था, लेकिन अब वह खत्म हो गया है.'
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए बयान पर मंत्री संतोष सुमन ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'तेजस्वी यादव कब बिहार के मुख्यमंत्री बने थे कि लोगों को रोजगार देंगे? रोजगार देने की क्षमता मुख्यमंत्री में होती है, किसी मंत्री में नहीं. तेजस्वी जी तो मात्र एक मंत्री थे. अगर कोई अकेला मंत्री यह कहता है कि उसने सब काम किया, तो यह उसकी मानसिकता को दर्शाता है.'
सीटों की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बहुत जल्द इसका खुलासा हो जाएगा. 'नवरात्र के बाद हमलोग बैठकर सीटों का बंटवारा शांतिपूर्ण तरीके से कर लेंगे. कितनी सीटें मांगेंगे, यह मीडिया में बताने की चीज नहीं है. जो भी निर्णय होगा, उचित समय पर सार्वजनिक किया जाएगा.'
हम पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी द्वारा 20 सीटों की मांग किए जाने पर डॉ. सुमन ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है. 'वे कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए ऐसी बातें करते हैं. उन्होंने यह एनडीए के सामने नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच कहा है. इस पर अभी कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है.'
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि एनडीए पूरी तरह से एकजुट है और सभी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने यह भी दोहराया कि लोजपा(रा) और हम पार्टी के बीच किसी प्रकार का मतभेद नहीं है. दोनों दलों का उद्देश्य एनडीए को मजबूत करना और बिहार में पुनः एनडीए की सरकार बनाना है.
इनपुट- जय प्रकाश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!