)
बिहार सरकार के लघु सिंचाई मंत्री संतोष मांझी आज पूर्णिया पहुंचे. यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होने वाली जनसभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि पूर्णिया की जनता प्रधानमंत्री की रैली को ऐतिहासिक बनाएगी और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री संतोष मांझी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार वह भूमि है जहां भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्त किया था और अब राहुल गांधी भी बिहार घूमकर ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं. संतोष मांझी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी को बिहार घूमने के बाद अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन दिखने लगी है, लेकिन मुख्यमंत्री पद का चेहरा उन्हें तेजस्वी यादव के तौर पर स्वीकार नहीं हो रहा है.
मंत्री संतोष मांझी ने कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी लालू प्रसाद यादव की पिछलग्गू बनकर राजनीति करती थी और अब आधी सीटों की मांग कर रही है. यह कांग्रेस की बढ़ती महत्वाकांक्षा को दर्शाता है. संतोष मांझी ने कहा कि इस वजह से महागठबंधन में अंदरूनी मतभेद गहराते जा रहे हैं और सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है.
संतोष मांझी ने दावा किया कि महागठबंधन अपनी ही खींचतान में उलझा हुआ है. कांग्रेस और आरजेडी के बीच तालमेल की कमी साफ दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन का यही हाल रहा तो जनता का भरोसा उस पर से पूरी तरह से उठ जाएगा.
इनपुट- मनोज कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!