)
दरभंगा जिले के गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र में NDA कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मेलन आयोजित हुआ. इस मौके पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सह जिला प्रभारी मंगल पांडे, नगर विधायक सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी, दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर और मधुबनी के सांसद अशोक कुमार यादव सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम में प्रखंड और जिला स्तर के नेताओं के साथ हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए. खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में महिलाएं भी सम्मेलन में उपस्थित रहीं.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई. मंच पर उपस्थित नेताओं का मिथिलांचल की परंपरा के अनुसार पाग और चादर ओढ़ाकर स्वागत किया गया. स्थानीय विधायक स्वर्णा सिंह ने सभी अतिथियों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस क्षेत्र में विकास और जनता के विश्वास का प्रतीक है. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क, पुल-पुलिया और अन्य योजनाओं के जरिए विधानसभा क्षेत्र में विकास की लहर दौड़ रही है.
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने सम्मेलन में कहा कि गौड़ाबौराम की जनता ने NDA के साथ खड़े होने का संकल्प ले लिया है. डबल इंजन की सरकार की योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का यह उत्साह साफ संकेत है कि आगामी चुनाव में यहां NDA की जीत तय है और इस बार का चुनाव विकास के मुद्दे पर होगा.
दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा पूरी तरह असफल रही है और देश की जनता उन्हें गंभीरता से नहीं लेती. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कभी मोदी जी की मां को अपमानित करने का काम करते हैं और अब घुसपैठियों को संरक्षण देने की बात कर रहे हैं, लेकिन मोदी जी के रहते यह संभव नहीं है.
इनपुट - मुकेश कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!