)
Bihar Chunav 2025: एक तरफ बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर ऐलान करते हैं भाजपा और जेडीयू बराबर बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और बाकी दलों को उनकी क्षमता के हिसाब से हिस्सेदारी दी जाएगी. दूसरी ओर, चिराग पासवान की पार्टी एनडीए को याद दिला रही है कि वह 2020 में जिस तरह अकेले चुनाव लड़ी थी, 2025 में भी ऐसा कुछ कर सकती है. इस पर राष्ट्रीय जनता दल ने भी मजे ले लिए. राजद की ओर से कहा गया कि अगर चिराग पासवान में हिम्मत है तो वह एनडीए का साथ छोड़ें, क्योंकि वहां उनको वाजिब हक नहीं मिलने वाला. इसका मतलब यह है कि एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर अभी नूराकुश्ती चल ही रही है और फाइनल कुछ भी नहीं हुआ है.
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन एनडीए में शामिल लोजपा रामविलास अपनी मांगों को लेकर अड़ी हुई है. चिराग पासवान के जीजा और सांसद अरुण भारती ने एनडीए को बिहार विधानसभा चुनाव, 2020 में पार्टी के प्रदर्शन को याद दिलाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने 137 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 प्रतिशत वोट हासिल किए थे. अरुण भारती का कहना है कि अगर हम पूरे 243 सीटों पर चुनाव लड़ते, तो हमें 10 प्रतिशत से भी अधिक वोट मिलते. यह हमारे कार्यकर्ताओं की ताकत और जनता के विश्वास का जीता-जागता सबूत था.
उन्होंने कहा कि यह हमारी रणनीतिक चाल व राजनीतिक चरित्र का हिस्सा रहा है. 2020 के चुनाव ने साफ कर दिया था कि अगर बिहार की राजनीति में कोई पार्टी अकेले चुनाव लड़ने का माद्दा रखती है तो वह केवल लोक जनशक्ति पार्टी है. अरुण भारती ने कहा कि कार्यकर्ता ही हमारी पार्टी की असली रीढ़ हैं. पार्टी के लिए जी-जान से मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की यह स्वाभाविक उम्मीद होती है कि एक दिन उन्हें भी पार्टी की तरफ से जनप्रतिनिधि बनकर जनता की सेवा करने का अवसर मिले.
अरुण भारती के पोस्ट पर RJD प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, यह सब भूमिका बनाने में काम नहीं चलेगा. NDA में चिराग पासवान संग नाइंसाफी हो रही है. उनका वाजिब हक नहीं मिल रहा है. चिराग पासवान थोड़ा हिम्मत दिखाएं और एनडीए का साथ छोड़ें. अगर वह सचमुच बिहार का भला चाहते हैं तो खुलकर सामने आना चाहिए. अन्यथा लोगों को लगता है कि अधिक सीट पाने के लिए चिराग पासवान इस तरह के दावे कर रहे हैं.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!