)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्णिया दौरे को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बयान दिया था कि प्रधानमंत्री जुमलों की बरसात करने एक बार फिर बिहार आ रहे हैं. इस पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि, 'तेजस्वी यादव जी, प्रधानमंत्री बिहार के लिए कोई जुमला नहीं बल्कि 40 हजार करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज लेकर आ रहे हैं.'
नित्यानंद राय ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार को बड़ी सौगात देंगे. वे पूर्णिया में एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और तीन नई स्पेशल ट्रेन की सौगात देंगे. इसके अलावा कई आर्थिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव और उनके परिवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें बिहार की तरक्की, प्रगति और खुशहाली से कभी कोई सरोकार नहीं रहा. उन्होंने कहा कि जिनका राजनीतिक इतिहास घोटालों और भ्रष्टाचार से भरा रहा हो, जो नौकरी के बदले गरीबों की जमीन हड़पते रहे हों, उन्हें बिहार के विकास का असली मतलब कभी समझ में नहीं आ सकता.
उजियारपुर से सांसद और बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि जब-जब प्रधानमंत्री मोदी बिहार आते हैं तो राज्य को बड़े आर्थिक पैकेज की सौगात देते हैं. इससे बिहार के आधारभूत ढांचे के विकास में लगातार मदद मिली है. उन्होंने कहा कि मोदी जी के प्रयासों से बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और औद्योगिक विकास की नई राहें खुली हैं.
नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए कहा कि अगली बार जब आप दिल्ली जाएं तो पूर्णिया से भी उड़ान भर सकते हैं. जिस तरह आज पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से यात्रा करते समय आपको सुविधा और आनंद की अनुभूति होती है, उसी तरह पूर्णिया एयरपोर्ट से भी 15 सितंबर से लोगों को सुखद अनुभव मिलेगा. उन्होंने कहा कि उस समय प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना मत भूलिएगा.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!