)
PM Modi Bihar Visit: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी एक बार फिर से बिहार आने वाले हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी इसी महीने के अंत में बिहार आ सकते हैं. चुनावी साल में पीएम का यह 8वां दौरा होगा. अब पीएम मोदी पटना आ सकते हैं. सूत्रों के अनुसार, 29 सितंबर को प्रधानमंत्री बिहार की राजधानी पटना आ सकते हैं. पटनावासियों को पीएम मोदी पटना मेट्रो की सौगात दे सकते हैं. बता दें कि पटना मेट्रो का ट्रायल सफल रहा है और अब मेट्रो ट्रेन उद्घाटन के लिए तैयार है. उद्घाटन के साथ ही पहली बार पटना के लोग मेट्रो ट्रेन में सफर का अनुभव कर पाएंगे. सीएम नीतीश कुमार चाहते हैं कि इतने बड़े प्रोजेक्ट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हो. ऐसे में पीएम मोदी की जल्द ही एक और बिहार यात्रा तय हो सकती है. हालांकि, अभी तक पीएमओ की ओर से इस पर कोई जानकारी नहीं आई है.
Z Bihar-Jharkhand ने 19 सितंबर को ही बता दिया था कि अभी पीएम मोदी का कम से कम एक बिहार दौरा बाकी है. हमने उस वक्त भी कहा था कि बिहार चुनाव से पहले-पहले पटना मेट्रो का उद्घाटन हो जाएगा और एनडीए की ओर से इतने बड़े प्रोजेक्ट का शुभारंभ पीएम मोदी के हाथों ही कराया जा सकता है. उस वक्त भी हमने कहा था कि नवरात्र में ही पीएम मोदी बिहार की यात्रा कर सकते हैं और पटना मेट्रो का लोकार्पण कर सकते हैं. बता दें कि पटना मेट्रो का सेफ्टी ट्रायल पूरा हो चुका है और तकनीकी जांच भी संपन्न हो चुकी है. ट्रायल के दौरान सभी तकनीकी पहलुओं की गंभीरता से जांच की गई. इनमें ब्रेक, स्पीड कंट्रोल, सिग्नलिंग, यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म की सुरक्षा आदि को परखा गया. अब ट्रेन को सिर्फ हरी झंडी दिखाना बाकी रह गया है.
बता दें कि बिहार चुनाव से पहले पीएम मोदी का यह आखिरी दौरा हो सकता है. पटना मेट्रो के बाद किसी भी समय चुनावों की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है और राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी. चुनावी साल में पीएम मोदी अबतक 7 बार बिहार आ चुके हैं. चुनावी साल में पीएम मोदी पहली बार 24 फरवरी को बिहार दौरे आए थे, इस दौरान पीएम ने भागलपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी की थी. इसके बाद 24 अप्रैल को मधुबनी से 13,480 करोड़ से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन किया था. 29 मई को पटना एयरपोर्ट और एनटीपीसी बिजली परियोजना का शुभारंभ करने आए. फिर 20 जून को सीवान से 5,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था. 18 जुलाई को मोतिहारी से 7,217 करोड़ रुपये की योजनाओं का तोहफा दिया. 22 अगस्त को गया से हजारों करोड़ की सौगात दी. वहीं 15 सितंबर को पीएम आखिरी बार पूर्णिया आए थे, जहां उन्होंने पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!