)
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सीट बंटवारे के मसले पर शनिवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पटना स्थित आवास पर महागठबंधन के दिग्गज नेताओं की बड़ी बैठक हो रही है. इस बैठक को चुनावी रणनीति की दिशा तय करने वाली अहम कड़ी माना जा रहा है.
बैठक का मुख्य एजेंडा 243 विधानसभा सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना रहेगा. सूत्रों का कहना है कि पार्टियों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है, बस औपचारिक घोषणा बाकी है. इस दौरान वोटर अधिकार यात्रा के बाद मिले फीडबैक और जनता की समस्याओं पर भी चर्चा होगी.
कौन-कौन नेता पहुंचे बैठक में?
इस अहम बैठक में तेजस्वी यादव ने अध्यक्षता की. कांग्रेस की ओर से बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम पहुंचे हैं. विकासशील इंसाफ पार्टी (VIP) के मुखिया मुकेश साहनी भी बैठक में पहुंचे. वहीं वाम दलों की ओर से CPI-ML के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और अन्य प्रतिनिधि पहुंचे हैं.
बैठक से पहले तेजस्वी यादव ने NDA पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, "बिहार की स्थिति चिंताजनक है. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उद्योग के मामले में राज्य सबसे पीछे है. 20 साल से शासन करने वालों ने क्या किया? न कोई फैक्ट्री आई और न ही रोजगार मिला. तेजस्वी ने कहा कि NDA सरकार वोट के समय हमारी योजनाओं की नकल करने में लगी है".
यह बैठक वोटर अधिकार यात्रा के बाद की पहली बड़ी रणनीतिक बैठक है. यात्रा में राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी शामिल हुए थे. यात्रा से मिले फीडबैक और जनता की नाराजगी को ध्यान में रखते हुए आगे की रणनीति पर मंथन किया जायेगा.
तेजस्वी यादव ने हाल ही में पार्टी विधायकों और पदाधिकारियों के साथ अलग बैठक की थी. उन्होंने साफ कहा कि टिकट सिर्फ उन लोगों को मिलेगा जो जमीन पर काम करेंगे. "दिल्ली-पटना में चक्कर लगाने से टिकट नहीं मिलेगा, जनता के बीच रहना होगा."
महागठबंधन की इस बैठक से पहले NDA खेमे में भी हलचल तेज रही. हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली में बिहार BJP नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें सीट बंटवारे पर चर्चा हुई. दोनों गठबंधनों की समानांतर बैठकों से बिहार की राजनीति में गर्माहट और बढ़ गई है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महागठबंधन की यह बैठक आगामी चुनाव की दिशा तय करेगी. सीट शेयरिंग पर सहमति बनने से गठबंधन की एकजुटता का संदेश जाएगा, वहीं NDA और महागठबंधन दोनों ही जनता को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार रणनीति बना रहे हैं.
इनपुट- रूपेंद्र श्रीवास्तव
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!