)
Bihar Politics: जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे राज्य में यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. वहीं, पटना में जी मीडिया के चुनावी कॉन्क्लेव में शिरकत की और अपने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा. प्रशांत किशोर ने कहा कि मुसलमानों को केवल अल्लाह का डर होना चाहिए, लेकिन राजनीतिक दल इनलोगों को भाजपा का डर दिखाते हैं. भाजपा क्या मुसलमानों को डरा पाएगी. आप डरकर किसी का किरासन तेल बनिएगा तो रोशनी तो होगी, लेकिन चिराग तले अंधेरा होगा. लालटेन तो राजद के पास है और लालटेन कभी बिजली से तो जलेगा नहीं.
उन्होंने कहा कि जिस समाज की जितनी संख्या है, उस समाज से उतने ही लोगों को भागीदारी दी जाएगी. मान लीजिए कि बिहार में 1000 अच्छे लोग हैं. उनमें से 243 लोगों का चुनाव कैसे करेंगे. पहला पैमाना है आपकी योग्यता. फिर उनमें जब 243 चुना जाएगा, तब हर समाज से अच्छे लोगों को निकालकर प्रतिनिधित्व दिया जाएगा. प्रशांत किशोर ने कहा कि भाजपा से आप यही सवाल पूछिएगा तो वो कांग्रेस और राजद का बी टीम बताएगी. कांग्रेस और राजद वाले भाजपा की बी टीम बताएंगे. दरअसल, महागठबंधन को लग रहा है कि मुस्लिम वोट कटेंगे तो उन्होंने मुझे बी टीम बता दिया. अब भाजपा को लग रहा है कि उसका वोट कट रहा है तो वो महागठबंधन की बी टीम बता रही है.
पीके ने आगे कहा कि हमने बताया कि एमवाई समीकरण है, उसकी कोई न्यूट्रिलिटी नहीं है. अगर आपको भाजपा को हराना है तो 40 प्रतिशत हिंदू और 20 प्रतिशत मुसलमान का समीकरण बनाइए. अगर ये लोग राष्ट्रवादी मुस्लिम शक्तियों के साथ आ जाएं तो भाजपा को हराया जा सकता है. आजादी से पहले इसी फॉर्मूले से अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी गई थी. उन्होंने कहा कि देश में 80 प्रतिशत हिंदू हैं, भाजपा को वोट मिले 36 प्रतिशत. पांचवें क्लास का विद्यार्थी भी बता देगा कि 80 प्रतिशत में से केवल 36 प्रतिशत वोट ही भाजपा को हासिल हो रहा है.भाजपा का एक भी वोट न टूटे, तब भी भाजपा को हराया जा सकता है.
जनसुराज के संस्थापक ने कहा कि हमने नरेंद्र मोदी को पैदा नहीं किया. वो पहले से बड़े नेता था. हमसे पहले से ममता बनर्जी बड़ी नेता थीं. इनलोगों का जो काम है, वो उनका अपना है. इसमें मेरा कुछ नहीं है. यह हमारे पे स्केल से आगे का सवाल है. प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं दिखता है. कांग्रेस ने खुद तय किया है कि उसका भविष्य लालटेन से जुड़े. 13 दिन गाड़ी पर बैठकर राहुल गांधी घूमे, यदि यह मेहनत है तो मेहनत की परिभाषा बदल देनी चाहिए. राहुल गांधी 13 दिन बिहार में रहे, इसके लिए बिहार के लोगों को एहसान मान लेना चाहिए.
उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत रिश्ता है. उनसे हमारा केवल वैचारिक मतभेद है. हमने जेडीयू इसलिए छोड़ी क्योंकि हमारा मानना था कि नागरिकता कानून पर भाजपा के साथ नहीं जाना चाहिए. जब जेडीयू ने भाजपा के इस बिल पर साथ दे दिया तब नीतीश कुमार जी ने कहा था कि बिहार में हम लागू नहीं करेंगे. मैंने इस बात का विरोध किया और दल से इस्तीफा दे दिया. पीके ने कहा कि भाजपा के साथ हैं तो भाजपा के चाल चरित्र और चेहरे से प्रभावित होंगे. हालांकि अभी जो नीतीश जी कर रहे हैं, उसमें भाजपा का प्रभाव नहीं बता सकते. राष्ट्रगान के समय ताली बजाने लगते हैं. अभी उनकी जो स्थिति है, उसका कोई बहुत अधिक मतलब निकालकर उनकी सोच को परिभाषित करना समझदारी का काम नहीं है. नीतीश बाबू जो 2014 और 15 में थे तो मोदी जी भी उनका फायदा नहीं उठा पाए और तेजस्वी यादव भी नहीं उठा पाए थे. आज सभी लोग उनका फायदा उठा रहे हैं.
शराबबंदी पर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार को सुधारने में बहुत समय लगेगा. अगर हमारी सरकार बनी तो फर्जी शराबबंदी कानून को हटा दिया जाएगा. बिहार में 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को 2 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी. एक नया विभाग बनाया जाएगा, जिसका काम होगा कि बिहार से होने वाले पलायन को बंद कर दिया जाए. इसका फायदा यह होगा कि 50 लाख से अधिक लोग, जो 12 हजार रुपये कमाने के लिए बाहर जाते हैं, वो न जाएं. स्कूलों को नेतरहाट के स्तर तक ले जाने की कोशिश की जाएगी. बिहार में कृषि को मनरेगा से जोड़ दिया जाएगा. नकदी फसल बोने वाले किसानों को मनरेगा से मुफ्त मजदूर उपलब्ध कराया जाएगा. 100 सबसे भ्रष्ट नेता और अफसरों को जेल में डालने की कार्रवाई होगी. साल भर में उनके परिवार से उनकी संपत्ति वसूलने की कार्रवाई की जाएगी.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!