)
Bihar Politics: बिहार के वैशाली जिले में पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. इस हमले में पुलिस चार जवान घायल हो गए. अब इस घटना पर सूबे की सियासत भी गर्म हो गई है. कांग्रेस-राजद सीधे तौर पर कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर निशाना साध रहे हैं. कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा कि बिहार गुंडा के हवाले हो गया है. बिहार में अवाम गुंडों से भयभीत है, शराब माफिया, दारू माफिया से भयभीत है. बेहतर पुलिसकर्मी भी नीतीश कुमार के अक्षमता के कारण बेहतर काम करने से वंचित रह जाते हैं.
उन्होंने कहा कि पुलिस पर सरकारी दबाव है. जिस कारण अवाम, जनता, महिला, पुरुष तो छोड़िए, अब पुलिस पर भी गुंडों का हमला है. समस्तीपुर का हमला, वैशाली का हमला, जमुई का हमला और ये लगातार बरसों से चल रहा है. पुलिस पर हमला क्यों? क्योंकि बेहतर पुलिसकर्मी को नीतीश कुमार काम नहीं करने देते हैं. इसलिए बिहार में गुंडा राज कायम हो गया है.
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि किस तरह से शासन और प्रशासन पर लोगों का विश्वास कायम होगा. जब सरकार के स्तर से अपराध और अपराधियों को संरक्षण दिया जाता हो, जब सरकार के स्तर से अपराधी संरक्षित होते हो, तो बिहार में इस तरह की स्थिति और परिस्थिति कहीं ना कहीं वैसे लोगों के द्वारा किया जा रहा जो सरकार के अंदर बैठे हुए लोग हैं.
एजाज अहमद ने कहा कि बिहार में पुलिस टीम पर हमला चाहे वैशाली में हो समस्तीपुर में हो या जमुई में हो यह बताने के लिए काफी है कि बिहार में सरकार नाम की चीज नहीं है. बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है और शासन और प्रशासन से लोगों का विश्वास उठ गया है. सरकार किस तरह से कार्य कर रही है यह इसी से स्पष्ट होता है कि बिहार में 34 में से 23 मंत्री पर अपराध के मामले हैं. यह एडीआर की रिपोर्ट से स्पष्ट होता है.
वहीं, राजद और कांग्रेस पर जदयू ने पलटवार किया है. जदयू के प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि नीतीश कुमार जी ने जब से बिहार में सत्ता की बागडोर संभाली है, क्राइम और क्रिमिनल्स के साथ नो कॉम्प्रोमाइज की नीति को अख्तियार किया है. ना किसी को फंसाया है, ना किसी को बचाया है. एक से एक बड़े सुरमाओं को सलाखों के पीछे भेजा गया है. जहां कहीं पुलिस बल थोड़ी कम संख्या में होता है, तो कई बार ऐसी घटनाएं सामने आती हैं कि पुलिस बल पर कुछ लोग, कुछ क्रिमिनल्स हमला कर देते हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि कानून का इकबाल समाप्त हो गया. जवाबी कार्रवाई जब होती है तो सब दिखाई नहीं पड़ते हैं और मजबूती के साथ सबको गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भी भेजा जाता है.
उन्होंने कहा कि कोई यह सोचेगा कि मौके का फायदा उठाकर पुलिस पर हमला कर दे और बच जाए, तो इस बिहार में यह संभव नहीं है. किसी भी कीमत पर ऐसे लोगों को, ऐसे साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जा सकता है और हमने कई ऐसे उदाहरण देखे हैं जब जवाबी कार्रवाई में लोग कहीं दिखाई नहीं देते हैं.
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि एनडीए की सरकार में बिहार में कानून का ही राज होगा. अब वह लालू का राज नहीं है जहां अपराध करके आप मुख्यमंत्री आवास में संरक्षण पा सकते हैं. अगर आपने अपराध कर दिया बिहार में, तो जेल या फिर गयाजी का घाट दो ही विकल्प है.
रिपोर्ट: रूपेंद्र श्रीवास्तव
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!