)
Bihar Chunav 2025: एक तरफ असदुद्दीन ओवैसी महागठबंधन के नेताओं की टेंशन बढ़ाए हुए हैं तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी एनडीए के लिए यही काम करने को तैयार बैठे हैं. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को पटना में आयोजित पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए, जिसमें बिहार की चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजभर ने कहा, उनकी पार्टी 20 साल से बिहार में सक्रिय रही है. पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में पार्टी लगातार भाग लेती रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार सुभासपा आगामी बिहार विधानसभा चुनाव एनडीए संग मिलकर लड़ेगी. बिहार बीजेपी और अन्य राष्ट्रीय नेताओं से 70 प्रतिशत बातचीत हो चुकी है. जल्द ही सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय होगा.
उन्होंने पार्टी की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी राजनीति हमेशा वंचितों, शोषितों और गरीबों के हितों पर केंद्रित रही है. राजभर ने कहा कि जिस तरह यूपी में गरीब परिवारों को पांच डिसमिल जमीन दी जाती है ताकि वे अपना घर बना सकें, उसी तरह बिहार में भी यह योजना लागू करने की तैयारी है. शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर राजभर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हमेशा गरीबों को मुफ्त शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की बात करते थे. इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की.
राजभर ने कहा कि सुभासपा भी यही मानती है कि शिक्षा और स्वास्थ्य ही गरीबों के सशक्तिकरण की असली चाबी है. यूपी में उनकी पार्टी ने विवेकाधीन कोष से गरीब मरीजों को लाखों रुपये तक की मदद दी है और इसी तर्ज पर बिहार में भी काम किया जाएगा. रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं के पास हुनर की कमी है, जिस कारण बेरोजगारी बढ़ी है. सुभासपा बिहार में भी रोजगारपरक शिक्षा लागू करने की कोशिश करेगी, ताकि किसी न किसी कौशल के आधार पर हर शिक्षित युवा को रोजगार मिल सके.
सीटों के बंटवारे को लेकर राजभर ने बताया कि पार्टी ने फिलहाल 29 विधानसभा सीटों की सूची एनडीए को सौंपी है. हालांकि, पहले सुभासपा 156 सीटों पर चुनाव लड़ चुकी है, लेकिन इस बार गठबंधन धर्म निभाते हुए वह 29 सीटों में से चयनित सीटों पर अपनी दावेदारी करेगी.
इनपुट: आईएएनएस
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!