)
Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि आयोग ने “मरे हुए को जिंदा और जिंदा को मरा” करार दिया है. तेजस्वी ने इसे बड़ी गड़बड़ी बताते हुए कहा कि बिहार की जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी.
तेजस्वी यादव ने मौजूदा राज्य सरकार को “नकलची सरकार” करार दिया. उन्होंने कहा कि इस सरकार के पास अपना कोई विजन नहीं है और यह केवल उनकी योजनाओं की नकल कर रही है. उन्होंने दावा किया कि पेंशन की राशि बढ़ाने से लेकर मुफ्त बिजली देने जैसे मुद्दों पर सरकार ने केवल विपक्ष की नकल की है.
तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले मुफ्त बिजली देने का विरोध किया, लेकिन बाद में उसी को लागू किया. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार बनने पर सबको लाभ मिलेगा, जबकि मौजूदा सरकार जनता को केवल "ठगने" का काम कर रही है. तेजस्वी ने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई से सरकार का कोई लेना-देना नहीं है.
पूरे देश में चल रही SIR प्रक्रिया पर भी तेजस्वी ने सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने जिस तरह से काम किया है, वह बेहद गलत है. उन्होंने कहा कि बिहार में जनता को धोखा नहीं दिया जा सकता. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मोदी जी से पूछेगी कि फैक्ट्री गुजरात में क्यों लगाते हैं और विजय बिहार में क्यों चाहते हैं.
एनडीए में चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बीच चल रही बयानबाजी पर भी तेजस्वी यादव ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि इन नेताओं का जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है. दोनों केंद्र में मंत्री रहते हुए भी बिहार के लिए कुछ नहीं कर पाए. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि एनडीए के नेता केवल सत्ता और कुर्सी के भूखे हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा कि मौजूदा सरकार को बिहार के विकास से कोई मतलब नहीं है. न बेरोजगारी की चिंता है और न ही शिक्षा की. उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार बनेगी, तब जनता को असली बदलाव देखने को मिलेगा और विकास की नई योजनाएं लागू की जाएंगी.
इनपुट- सुंदरम कुमार
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!