)
गया जिले के गुरुआ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि अब सीएम नीतीश कुमार से सरकार नहीं चल सकती है, क्योंकि वह अचेतावस्था में हैं. तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी याद नहीं रहता कि उनके दोनों डिप्टी सीएम कौन हैं. इतना ही नहीं, वे अपने विधायक, सांसद और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम भी नहीं बता सकते.
तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “उन्हें बस इतना याद है कि 2005 से पहले बिहार में कुछ भी नहीं था, यहां तक कि महिलाओं के पास कपड़ा भी नहीं था.” उन्होंने नीतीश कुमार के उम्र का हवाला देते हुए कहा कि उनका सम्मान करते हैं, लेकिन अब वे राज्य को संभालने की स्थिति में नहीं हैं.
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने युवाओं के लिए कई वादे किए. उन्होंने कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है तो नौकरी के लिए फार्म भरने वाले अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र तक आने-जाने का भाड़ा भी अभ्यर्थियों को दिया जाएगा. तेजस्वी ने दावा किया कि अगर उनकी सरकार बनी तो “पेपर लीक नहीं होगा, परीक्षा समय पर होगी और योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी मिलेगी.”
तेजस्वी यादव ने वर्तमान एनडीए सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज बिहार में अपराधियों को खुला संरक्षण मिल रहा है, जबकि नौकरी मांगने वाले नौजवानों को लाठी दी जाती है. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध चरम पर है. रोज लूट, अपहरण, बलात्कार और हत्या की घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में प्रतिदिन 200 राउंड गोलियां चलाई जाती हैं.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!