)
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा आज विपक्ष पर हमलावर दिखे। उन्होंने आरोपों का करारा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि वे दिल से बोलते हैं, दिमाग से नहीं, और यही कारण है कि उनके बयान विपक्ष को कड़े लगते हैं. तेजस्वी यादव के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जनता ही मालिक है और वही तय करेगी कि किसे जीतना है. उन्होंने याद दिलाया कि एक बार वे 60 वोटों से हारे थे और दूसरी बार जनता ने उन्हें 60,000 से ज्यादा वोटों से जिताया.
विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव राजनीति को जागीर समझते हैं और पिता के सहारे राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “सोने का चम्मच लेकर आने वाले” नेता जनता का दुख-दर्द समझ ही नहीं सकते. विजय सिन्हा ने कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है और 2025 का चुनाव बिहार के भविष्य का होगा, जिसमें जनता केवल काम को देखेगी.
डिप्टी सीएम ने कहा कि उनके कार्यकाल में न कोई नरसंहार हुआ और न ही माफियाओं को खुली छूट मिली. शराब, बालू और जमीन माफिया पर सख्ती की गई है. उन्होंने बताया कि शराब की तस्करी रोकने के लिए इनाम की व्यवस्था भी की गई है. वहीं बालू माफियाओं पर नकेल कसने के लिए भी इनाम रखा गया. बड़ी गाड़ी का वीडियो भेजने पर 10,000 और छोटी गाड़ी का वीडियो भेजने पर 5,000 का इनाम दिया जाता है. उन्होंने कहा कि अब अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम है.
विजय सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतिश कुमार की जोड़ी विकास के लिए पूरी तरह समर्पित है. उन्होंने दावा किया कि एनडीए 2010 से भी ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगा. विजय सिन्हा ने कहा कि आज बिहार में विकास तेज रफ्तार से हो रहा है, हर घर तक बिजली पहुंची है, सड़क और यातायात की सुविधा बेहतर हुई है और पलायन में कमी आई है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!