)
Bihar Politics: विकासशील इन्सान पार्टी (Vikassheel Insaan Party) चीफ मुकेश सहनी ने भारतीय जनता पार्टी पर अपने विधायक तोड़े जाने पर जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमारा 4 विधायक लिया, आने वाले समय में हम 40 सीटों पर उनको हराएंगे. हमारी पार्टी की बैठक में तय हुआ था कि हम 60 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. कुछ कम सीटों पर भी चुनाव लड़ सकते हैं. महागठबंधन की बैठक में सब कुछ तय हो जाएगा. उन्होंने कहा कि अगर किसी सीट पर राजद या कांग्रेस प्रत्याशी लड़ रहे हैं और मैं कह दूं कि प्रत्याशी बदल दीजिए तो मेरी बात मानी जाएगी. इसमें कोई संदेह नहीं होनी चाहिए. हम हमेशा पावर से लड़ाई लड़ते हैं. जिस कुर्सी पर बैठकर न्याय नहीं कर सकते तो उस कुर्सी को मैं लात मार देता हूं.
वहीं, लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल पर जंगलराज के आरोप पर मुकेश सहनी ने कहा कि आरोप लगा जंगलराज का. यह सही नहीं है. जो लोग जमीन पर बैठे रहते थे, मार खाते रहते थे. इस पर लोगों ने कहा कि यह जंगलराज है. तब का दौर सामाजिक न्याय के लिए बहुत अच्छा था. आगे आने वाले समय को हम और बेहतर कर सकते हैं, लेकिन वो समय कोई लौटा नहीं पाएगा.
वहीं, जब मुकेश सहनी से पूछा गया कि भाजपा वाले आपकी मांग पर तैयार हो जाएं तो, इस पर उन्होंने कहा कि उनसे पूछ लीजिए पहले. निषाद समाज को आरक्षण देकर कोई मेहरबानी नहीं करेंगे. कई बार वादा कर चुके हैं, लेकिन पूरा नहीं कराया. अगर इसके बदले में भाजपा को कुछ चाहिए तो मुझे बताएं मैं देने के लिए तैयार हूं. उनकी लड़ाई आरक्षण समाप्त करने की है और हमारी लड़ाई गरीबों और पिछड़ों की आवाज बुलंद करने की है. ईडब्ल्यूएस के माध्यम से सामान्य वर्ग को आरक्षण दिया गया. मैं इसका विरोध नहीं करता. अगर आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया गया तो इसका लाभ सभी वर्गों को मिलना चाहिए.
मुकेश सहनी ने कहा कि जिसकी जितनी आबादी है, उतनी हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. राहुल गांधी जी के दबाव के चलते जातीय जनगणना कराई जा रही है. जातीय जनगणना कराने के लिए 4 साल चाहिए सरकार को. इसके पीछे कोई खेल है. गलत सलत काम करना मोदी है तो मुमकिन है. मुकेश सहनी धमकाने वाले अंदाज कहा कि फूलन देवी के वंशज हैं. किसी से डरने वाले नहीं हैं. धमकाने वाले भी नहीं हैं. हां, डरते नहीं है और डराते भी नहीं हैं. उन्होंने कहा कि देश में कहीं भी विधायक इधर उधर करते हैं तो भाजपा के पास ही क्यों जाते हैं, इसका मतलब है कि वो बिक गया है. केवल भाजपा के पास ही विधायक क्यों जा रहे हैं.
वीआईपी प्रमुख ने कहा कि स्व. वाजपेयी जी ने एक सांसद के अभाव में अपनी सरकार गिरने दी थी. तब वो तोड़फोड़ में विश्वास नहीं करते थे. आज जनता मालिक है, लोकतंत्र है. जनता ने विधायक को चुना है, तो उसे भाजपा के पास जाने की क्या जरूरत है. दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी को दूसरे दलों के विधायकों को लेने की क्या जरूरत है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!