)
Bihar Politics: बिहार की राजधानी पटना में आज वोटर अधिकार यात्रा का समापन हुआ. इस मौके पर शहर की सड़कों पर तेजस्वी यादव के कटआउट तो बड़ी संख्या में दिखे, लेकिन लालू प्रसाद यादव के कटआउट लगभग गायब रहे. सिर्फ डाक बंगला चौराहे पर लालू यादव का एक कटआउट जरूर लगाया गया था. वहीं, गांधी मैदान में भी इस बार तेजस्वी और लालू यादव के कटआउट नहीं लगाए गए, जिससे सियासी गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई यह यात्रा आज पटना में पूरी हुई. गांधी मैदान से मार्च शुरू हुआ और पटना हाईकोर्ट के पास आंबेडकर की मूर्ति के पास इसका समापन किया गया. इस मौके पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई बड़े नेता शामिल हुए.
यह यात्रा चुनाव आयोग पर लगे मतदाता सूची से 65 लाख नाम हटाने के आरोप और कथित वोट चोरी के खिलाफ चलाई गई थी. 16 दिनों तक चली इस यात्रा में नेताओं ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा. यात्रा के दौरान हर जिले में जनसभाएं की गईं और विपक्ष ने इस मुद्दे को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की.
यात्रा के समापन समारोह में कांग्रेस और महागठबंधन के सभी बड़े नेता एक साथ मंच पर जरूर दिखे, लेकिन कटआउट की राजनीति ने अलग ही तस्वीर पेश की. लालू यादव की अनुपस्थिति और उनके कटआउट का न होना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि कांग्रेस कहीं न कहीं अपनी सियासी चाल चल रही है. जबकि आरजेडी का कहना है कि ड्राइविंग सीट पर तेजस्वी यादव ही हैं, लेकिन पटना में लगी तस्वीरें कुछ और बयां कर रही हैं.
यात्रा के समापन के दौरान कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति भी चर्चा में रही. पटना की सड़कों पर तेजस्वी यादव की तस्वीरें अपेक्षाकृत छोटी थीं, जबकि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस नेताओं के बड़े कटआउट लगाए गए. इस पर सवाल उठने लगे कि कांग्रेस कहीं अपनी अलग राजनीतिक चाल तो नहीं चल रही.
राजद विधायक फतेह बहादुर ने इस विवाद पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार की राजनीति में ड्राइविंग सीट पर हैं और इंडिया गठबंधन के कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष हैं. उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसमें किसी तरह की दूरी या असहमति की बात नहीं है, बल्कि पूरा गठबंधन एकजुट है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!