गांधी जयंती के मौके पर रघुवर दास ने किया बापू को याद, बोले- समृद्ध झारखंड बनाना लक्ष्य
Advertisement

गांधी जयंती के मौके पर रघुवर दास ने किया बापू को याद, बोले- समृद्ध झारखंड बनाना लक्ष्य

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बापू को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों का एक सुखद, स्वावलंबी और समृद्ध झारखंड बनाना है.

रघुवर दास ने गांधी जयंति पर लोगों को संबोधित किया. (तस्वीर- Twitter @dasraghubar)

रांची: झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. इसके बाद दोनों ने चरखे भी चलाये और बापू के पसंदीदा भजन 'रघुपति राघव राजा राम' गुनगुनाते नजर आये.

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बापू को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों का एक सुखद, स्वावलंबी और समृद्ध झारखंड बनाना है. वहीं उन्होंने कहा कि इस दिशा में राज्य की सरकार निरंतर प्रयास कर रही है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का एक सपना था कि स्वच्छ भारत का निर्माण हो. आजादी के 67 वर्ष बीत गए लेकिन, पहले के किसी भी सरकार ने महात्मा के सपनों को पूरा करने में अपनी गंभीरता नहीं दिखाई. पहली बार 2014 में जब एक गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना तो उन्होंने लाल किला से यह आह्वान किया कि हमें बापू की 150वीं जयंती पर स्वच्छ भारत उनके कदमों में देना है. पिछले 5 वर्षों में देशवासियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने का काम किया है. केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ स्वच्छ झारखंड एवं स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है.

साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें एक स्वच्छ झारखंड एक स्वच्छ भारत, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त झारखंड सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने में अपनी महती भूमिका निभानी है. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने जय जवान जय किसान से देश के सुरक्षा बल और किसानों को नयी प्रेरणा दी.

वहीं, आज के दिन झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तहत 218 प्रशिक्षणार्थियों को रघुवर दास ने सर्टिफिकेट प्रदान किया. उन्हें सिलाई मशीन दिए गए.
सिलाई मशीन अगर महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया महिलाओं का कहना है कि सरकार के प्रयास से आज भी स्वयं भी हुए हैं और उन्हें अपनी जीविका चलाने के लिए किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं इसके लिए महिलाओं ने मुख्यमंत्री रघुवर दास का धन्यवाद किया.