Ranchi: Congress Nyay Yatra:कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुक्रवार दोपहर को झारखंड में प्रवेश करेगी. पार्टी के एक नेता ने यहां यह जानकारी दी. नेता ने बताया कि यात्रा के पश्चिम बंगाल से अपराह्न दो बजकर 45 मिनट पर पाकुड़ जिले से होते हुए राज्य में प्रवेश करने की संभावना है. 


COMMERCIAL BREAK
SCROLL TO CONTINUE READING

कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि यात्रा के राज्य में पहुंचने के बाद पाकुड़ के नसीपुर मोड़ पर गांधी एक जनसभा को संबोधित करेंगे. यात्रा उसी दिन झारखंड में प्रवेश करेगी जिस दिन राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलेगा. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक दल के नेता चंपई सोरेन शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. 


चंपई सोरेन ने राज्यपाल से जल्द से जल्द सरकार बनाने के उनके दावे को स्वीकार करने का आग्रह किया था, क्योंकि राज्य में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी. यह स्थिति बुधवार को हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद से राज्य में मुख्यमंत्री न होने की वजह से थी और इसके कारण राजनीतिक संकट गहरा गया था. 


कांग्रेस पार्टी राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाले बहुमत गठबंधन की घटक है. राजेश ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि न्याय यात्रा के राज्य में प्रवेश करने से पहले नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह पूरा हो जाएगा. ठाकुर ने कहा, 'राहुल गांधी की न्याय यात्रा का झारखंड चरण आज से शुरू होगा. इस यात्रा का उद्देश्य झारखंड और देश के लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करना है.'


राहुल गांधी पाकुड़ के हिरणपुर में शाम को कुछ देर विश्राम करेंगे और लिट्टीपाड़ा में रात्रि विश्राम करेंगे. यह यात्रा दो चरणों में होगी और इस दौरान आठ दिन के दौरान 13 जिलों में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी. कांग्रेस प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि गांधी पहले चरण में छह दिन और दूसरे चरण में दो दिन झारखंड में रहेंगे. उन्होंने बताया कि यात्रा के दूसरे चरण की तारीख अभी तय नहीं हुई है. मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से होते हुए 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी. 


(इनपुट भाषा के साथ)