)
Samastipur/समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय शहर के आरबी कॉलेज से जुड़ा एक गंभीर मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर दो छात्राओं की आपसी बातचीत का चैट वायरल होते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. इस चैट में दावा किया गया है कि कॉलेज के एक प्रोफेसर परीक्षा में अधिक अंक देने के नाम पर छात्राओं का शारीरिक शोषण करते हैं. यह आरोप केवल एक छात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि बातचीत में कई छात्राओं का जिक्र किया गया है.
चैट में यह भी सामने आया कि आरोपी प्रोफेसर कभी किराए के मकान तो कभी होटलों में छात्राओं को बुलाकर अनुचित काम करते रहे हैं. इस खुलासे ने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को गहरी चिंता में डाल दिया है. कॉलेज परिसर के अंदर और बाहर इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोग कह रहे हैं कि अगर आरोप साबित होते हैं तो यह शिक्षा जगत की साख पर गहरा धब्बा होगा.
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे चैट पर आरोपी प्रोफेसर ने अपने बचाव में आवेदन के जरिए सफाई दी है. उन्होंने इसे साजिश बताते हुए अपनी छवि खराब करने का आरोप कुछ छात्राओं और एक छात्र पर लगाया है. इस सिलसिले में उन्होंने दलसिंहसराय थाना और साइबर थाना समस्तीपुर में लिखित आवेदन भी दिया है.
आवेदन में आरोपी प्रोफेसर का कहना है कि योजनाबद्ध तरीके से फर्जी चैट तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, ताकि समाज में उनकी प्रतिष्ठा धूमिल की जा सके. इस बीच पूरे मामले को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि वायरल चैट की बारीकी से जांच की जा रही है.
उन्होंने कहा कि चैट की सत्यता की तकनीकी जांच कराई जाएगी. अगर प्रोफेसर या किसी छात्र-छात्रा की भूमिका संदेहास्पद पाई जाती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि साइबर टीम के सहयोग से मामले की पड़ताल आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि असली दोषी सामने आ सकें.
घटना के बाद कॉलेज परिसर में कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ छात्र जहां आशंका जता रहे हैं कि शिक्षा व्यवस्था का स्तर गिरता जा रहा है. वहीं, अन्य छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. अभिभावकों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है. उनका कहना है कि अगर इस तरह की घटनाएं होती हैं तो बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता.
रिपोर्ट: मनटुन कुमार रॉय
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!