)
Nepal-Sitamarhi Border News: नेपाल में लगातार बढ़ते तनाव ने हालात को और बिगाड़ दिया है. मंगलवार को नेपाल के जलेश्वर जेल में आगजनी हुई और उसके अगले दिन मलंगवा जेल में भी उपद्रव की खबर सामने आई. इन घटनाओं ने नेपाल की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आगजनी के दौरान कैदियों ने जेल का मुख्य दरवाजा तोड़ दिया और बड़ी संख्या में फरार हो गए.
जलेसर जेलब्रेक की घटना में 577 कैदियों में से 576 कैदी फरार हो गए. इतनी बड़ी संख्या में कैदियों के फरार होने से नेपाल प्रशासन सकते में है. नेपाल के अधिकारियों ने तुरंत भारत की सीमा सुरक्षा बल (SSB) को अलर्ट किया और सीमा से आवाजाही रोकने की अपील की.
फरार कैदियों ने देर रात सीतामढ़ी की सीमा से भारत में प्रवेश करने की कोशिश की. इस दौरान SSB ने गहन जांच और निगरानी शुरू कर दी. लगातार तलाशी अभियान में 25 कैदी पकड़े गए, जिनमें 4 भारतीय और 21 नेपाली शामिल हैं. बाकी फरार कैदियों की तलाश जारी है.
पकड़े गए कैदियों में नेपाल के धनुषा जिला के मुखिया पट्टी मुसहरनिया निवासी रामगुलाम महतो, औरही थाना क्षेत्र के हसनपुर निवासी विनोद राय, महोत्तरी के धिरापुर गांव निवासी मोजाहिद अंसारी, लोहरपट्टी थाना क्षेत्र के खुट्टा पिपराढ़ी निवासी सुरेन्द्र साह सोनार, धनुषा के कुर्थागांव निवासी इंद्रेश मंडल और यदुकाहा निवासी कृष्ण कुमार महतो सहित अन्य शामिल हैं.
फरार कैदियों की गिरफ्तारी के बाद सीतामढ़ी के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा और सख्त कर दी गई है. SSB और स्थानीय पुलिस की संयुक्त गश्त बढ़ा दी गई है. हर आने-जाने वाले की गहन जांच की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता कम नहीं की जाएगी.
इनपुट- त्रिपुरारी शरण
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!