)
सीतामढ़ी: जन सुराज यात्रा के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार को सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी में आयोजित ‘बिहार बदलाव जनसभा’ में बड़ी घोषणाएं कीं. हाई स्कूल मैदान में भारी भीड़ को संबोधित करने के बाद उन्होंने भाजपा सांसद संजय जायसवाल द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस और राजद नेताओं के बयानों पर भी तीखा पलटवार किया.
सभा खत्म होने के बाद प्रेस से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, 'कहावत है, गीदड़ की मौत आती है तो वो शहर की ओर भागता है. इनको पता ही नहीं कि किससे उलझ रहे हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को मानसिक तौर पर बीमार कहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के मेडिकल कॉलेज कब्जा करने का खुलासा किया, लेकिन उनकी हिम्मत नहीं हुई कि हमें नोटिस भेजें. अब संजय जायसवाल ने नोटिस भेजकर यह साबित कर दिया है कि डर उन पर हावी हो चुका है.'
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि घोटालों की किश्त अभी और जारी होगी. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिनका नाम आ चुका है, वे पहले ही मूर्छित होकर गिर पड़े हैं और भाग रहे हैं. अब नए-नए खिलाड़ी सामने आ रहे हैं और उनका भी जवाब तैयार है.
सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने राजद सांसद संजय यादव पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा, 'संजय यादव हरियाणा के रहने वाले हैं, बिहार के हैं भी नहीं और यहां राजनीति करना चाहते हैं. वे सोचते हैं कि बिहार उनके हिसाब से चलेगा. ठीक उसी तरह जैसे अमित शाह दिल्ली में बैठकर सोचते हैं कि बिहार को नियंत्रित कर लेंगे.'
उन्होंने सवाल किया कि 'जब हमने दिलीप जायसवाल को मूर्छित कर दिया, मंगल पांडेय और अशोक चौधरी का पर्दाफाश किया, तब भाजपा की B टीम नहीं बने. अब जब संजय जायसवाल को जवाब दिया तो अचानक हमें भाजपा की टीम कह दिया गया. दूसरी तरफ, राबड़ी देवी खुद दिलीप जायसवाल को भाई कहती हैं. ऐसे में यह आरोप बिल्कुल बेमानी है.'
प्रशांत किशोर ने सीतामढ़ी की जनता से कई बड़े वादे किए. उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 से 60 साल से अधिक उम्र के हर पुरुष और महिला को 2000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी. साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि जब तक सरकारी स्कूलों में सुधार नहीं हो जाता, तब तक 15 साल से कम उम्र के बच्चों को निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी और उसकी फीस सरकार भरेगी. प्रशांत किशोर ने कहा कि यह कदम इसलिए जरूरी है ताकि गरीब परिवारों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ाई कर सकें.
सभा में युवाओं के लिए भी बड़ी घोषणा की गई. प्रशांत किशोर ने कहा कि इस साल बिहार की बदहाली की आखिरी दिवाली और छठ होगी. छठ के बाद सीतामढ़ी और बाजपट्टी के युवाओं को 10-12 हजार रुपये कमाने के लिए अपने घर-परिवार से दूर नहीं जाना पड़ेगा. उन्होंने दावा किया कि बिहार के लगभग 50 लाख युवाओं को वापस बुलाया जाएगा और उन्हें यहीं 10-12 हजार रुपये की रोजगार व्यवस्था दी जाएगी.
अपने भाषण के दौरान प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि बिहार में आज पलायन और रोजगार की चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि जनता अब जागरूक हो चुकी है. उन्होंने कहा, 'यह मेरी ताकत नहीं, जनता की ताकत है. इसी का असर है कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने बिहार दौरे में पहली बार पलायन की बात करने लगे हैं. पहले वे सिर्फ हिंदू-मुस्लिम और ट्रेन परियोजनाओं की चर्चा करते थे.'
उन्होंने नीतीश कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि जनता को समझाना जरूरी है कि सरकार के खजाने में जनता का ही पैसा है और उस पर जनता का अधिकार होना चाहिए. इसी सोच को लेकर जन सुराज अभियान जनता तक पहुंच रहा है.
इनपुट- त्रिपुरारी शरण
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!