)
Supaul Boat Accident: बिहार के सुपौल जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां बुधवार (23 सितंबर) की देर शाम को मिर्चईयां नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि 4 लोग अभी तक लापता बताए जा रहे हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया. त्रिवेणीगंज के SDM, SDPO थानाध्यक्ष और CO सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. अंधेरा काफी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा था. अहले सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो चुका है. घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के गुड़िया पंचायत के अंतर्गत बेला पट्टी वार्ड नंबर-1 की है.
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त नाव पर 12 लोग सवार थे, जिसमें 9 महिलाएं थी. घटना के बाद नदी में डूबे 8 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि चार अब भी लापता बताये जा रहे हैं. बताया गया कि इसमें एक महिला कि मौत हो चुकी है. मृतक महिला चकला गांव की निवासिनी बताई जा रही है. वहीं घटना की जानकारी होने पर पुलिस-प्रशासन में कोहराम मच गया. बताया जा रहा है कि नाव पर सवार सभी महिलाएं छातापुर थाना क्षेत्र के चकला गांव की रहने वाली है. लोगों ने बताया कि सभी महिलाएं मजदूरी करके नदी के उस पार से लौट रही थीं.
लौटने के क्रम में नदी की तेज धारा में नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई. SDM अभिषेक कुमार ने बताया कि NDRF कि टीम को बुलाया गया है. लापता लोगों की खोजबीन की जा रही है. बता दें कि नदी को पार करने के लिए इस इलाके में कोई पुल नहीं है, जिसके कारण बेलापट्टी स्थित बेंगा धार के ग्रामीण सामूहिक सहयोग से नाव का संचालन करते हैं. जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वह त्रिवेणीगंज, छातापुर और जदिया थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित है, लेकिन घटनास्थल त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में आता है. घटनास्थल पर तीनों थाने की पुलिस मौजूद है.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!