)
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस और मद्य निषेध विभाग ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पटना मद्य निषेध टीम और वैशाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है. इस दौरान मौके से दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.
यह पूरी कार्रवाई भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित एनएच-22 पर ममता लाइन होटल के पास की गई. यहां शराब की खेप उतारने की तैयारी की जा रही थी. गुप्त सूचना पर पहुंची मद्य निषेध विभाग और वैशाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ट्रक से 7141 लीटर विदेशी शराब बरामद किया.
छापेमारी के दौरान ट्रक पर मौजूद चालक और खलासी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार दोनों की पहचान रोहित कुमार (औरंगाबाद निवासी) और मनीष कुमार (भोजपुर निवासी) के रूप में हुई है. वहीं, इस खेप से जुड़े स्थानीय कारोबारी मौके से फरार हो गए. उनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
एसडीपीओ सदर-2 गोपाल मंडल ने बताया कि बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 74 लाख रुपये है, जबकि जिस ट्रक से शराब लाई गई थी, उसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है. इस तरह कुल जब्ती की कीमत लगभग एक करोड़ रुपये तक पहुंचती है.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है. आशंका है कि इस मामले में एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो विधानसभा चुनाव से पहले शराब की आपूर्ति कर रहा था. पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है.
इनपुट- राजकुमार सिंह
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!