Bihar Politics: जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, एनडीए ने अपनी चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरने के उद्देश्य से विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है. वैशाली जिले के महनार विधानसभा क्षेत्र स्थित जंदाहा हाई स्कूल मैदान में आयोजित एक ऐसे ही कार्यकर्ता सम्मेलन में एनडीए ने अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया.
इस सम्मेलन में भाजपा, जदयू और लोजपा के कई वरिष्ठ और कद्दावर नेता शामिल हुए. सभी नेताओं ने एक स्वर में एनडीए की भारी जीत का दावा करते हुए कहा कि इस बार जनता उनके विकास के कार्यों पर मोहर लगाएगी. सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देख जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने यहां तक कह दिया कि एनडीए इस बार राज्य की सभी 243 सीटों पर विजय प्राप्त करेगा.
सम्मेलन में मौजूद पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद ने विपक्ष, खासकर महागठबंधन और राजद पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सिर्फ सत्ता पाने की लालसा में हैं, लेकिन जनता अब उनके झूठे वादों और पुराने शासनकाल की विफलताओं को नहीं भूली है. उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए का लक्ष्य 225 सीटें जीतने का है और वह इसे अवश्य हासिल करेगा.
वहीं, लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने सीट शेयरिंग को लेकर कहा कि एनडीए में सभी घटक दल पूरी तरह से एकजुट हैं और उपराष्ट्रपति चुनाव के बाद सीटों के बंटवारे की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी. उन्होंने विपक्ष को 'लठबंधन' कहकर तंज कसते हुए कहा कि जहां एक ओर एनडीए मजबूत और संगठित है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों का गठबंधन बिखरा हुआ है.
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए तिवारी ने कहा कि जो नेता बिहार का अपमान करते हैं, वही यहां आकर रोड शो कर रहे हैं. लेकिन बिहार की जनता अब समझदार हो चुकी है और इस बार वो किसी के बहकावे में नहीं आने वाली. इस सम्मेलन के जरिए एनडीए ने न सिर्फ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया, बल्कि यह भी साफ कर दिया कि वह आगामी चुनाव में पूरे दमखम से मैदान में उतरने को तैयार है.
इनपुट- राजकुमार सिंह
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!