)
बिहार के दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान विधायक अमन भूषण हजारी का होली मनाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में विधायक हिंदी गाने पर मस्ती करते दिख रहे हैं. जब उन्हें तबला नहीं मिला, तो उन्होंने टेबल को ही तबला बना दिया और उसे जोर-जोर से पीटते हुए गाने का आनंद लिया. उनके साथ मौजूद कुछ लोग भी उनके साथ झूमते नजर आए. इस वीडियो को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सोशल मीडिया पर जदयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. आरजेडी ने वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि अमन भूषण हजारी शराब के नशे में धुत हैं और मुख्यमंत्री की शराबबंदी नीति की पोल खोल रहे हैं. पार्टी ने इसे 'सुशासन की पराकाष्ठा' करार दिया और कहा कि शराबबंदी केवल गरीबों के लिए है, जबकि सत्ताधारी नेता इसे तोड़ने में लगे हुए हैं. आरजेडी ने आगे आरोप लगाया कि शराबबंदी कानून सिर्फ अवैध वसूली का जरिया बन गया है. पार्टी ने कहा कि इस कानून के तहत हजारों गरीब जेल में बंद कर दिए गए, लेकिन सत्ताधारी दल के नेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती.