)
Nawada Corruption Video: नवादा के प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के गंभीर मामले सामने आए हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार चौधरी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक तरणी सेन महतो को पद से हटा दिया है. महतो पर कई गंभीर आरोप है. वे छात्राओं से नामांकन के दौरान निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूल रहे थे. प्राइवेट स्कूल का स्थानांतरण प्रमाण पत्र जमा करने वाली छात्राओं से अन्य विद्यालय का प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर अवैध राशि की मांग करते थे. विद्यालय में एक और गंभीर मामला सामने आया. एक शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज हुआ. महतो ने इस मामले की जानकारी को छिपाने का प्रयास किया. लिपिक की नियुक्ति होने के बावजूद वे खुद लिपिकीय कार्य करते थे. उनके खिलाफ बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 3 (1)(1) के उल्लंघन के भी प्रमाण मिले हैं. 31 मई को छात्राओं और समाजसेवियों ने महतो के भ्रष्ट आचरण के विरोध में प्रदर्शन किया. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आदेश जारी कर विशिष्ट शिक्षक अनिल कुमार साहा को नया प्रभारी प्रधानाध्यापक नियुक्त किया है. इससे संबंधित वायरल वीडियो और प्रकाशित समाचारों के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए ज्ञापांक 1291 दिनांक 2 जून, 2025 के माध्यम से विद्यालय प्रधान के निलंबन को लेकर विभागीय निदेशक को पत्र लिखा था.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा