)
मुजफ्फरपुर में हुए बलात्कार कांड को लेकर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है, न कानून व्यवस्था बची है और न अस्पताल व्यवस्था. तेजस्वी ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को शायद इस घटना की जानकारी भी नहीं है, क्योंकि उन्होंने अब तक इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं की है. उन्होंने कहा कि बिहार में अब 'क्रिमिनल डिसऑर्डर' कायम हो गया है, प्रशासनिक अराजकता फैल चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही. पीड़िता या उसके परिवार से मिलने के लिए सरकार के किसी बड़े नेता के पास समय नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों पर सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने का आरोप लगाया और कहा कि ये सरकार बिहार की जनता का दर्द नहीं समझ रही है.