)
पटना: बिहार विधानसभा परिसर में आतंकी हमले जैसी स्थिति को संभालने के लिए एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस अभ्यास के तहत चार आतंकियों ने विधानसभा के विस्तारित भवन में घुसकर तीन धमाके किए और सेंट्रल हॉल में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया. इस दौरान पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया. मॉक ड्रिल की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एटीएस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया. सेंट्रल हॉल को कब्जे में लिए गए आतंकियों से निपटने के लिए एटीएस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. यह मॉक ड्रिल हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद सुरक्षा सतर्कता को परखने के उद्देश्य से की गई थी. प्रशासन की यह तैयारी किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तत्परता को दर्शाती है और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकेत है. इनपुट- प्रकाश सिन्हा