)
Liquor Smugglers Attack On Police: पश्चिम चंपारण के बगहा में शराब तस्करों के हौसले काफी बढ़े हुए नजर आ रहे हैं. अब वे पुलिस टीम पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं. ताजा मामला धनहा थाना क्षेत्र के कठार गांव के पास का है. यहां उत्पाद विभाग की टीम रविवार (07 सितंबर) को शराबियों और शराब तस्करों को पकड़ने के लिए पहुंची थी, लेकिन अपराधियों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया. शराब कारोबारियों ने उत्पाद विभाग की गाड़ी को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. इस दौरान दरोगा और सिपाही किसी तरह से अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे. जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग की टीम शराबियों और कारोबारियों को पकड़ने यूपी-बिहार सीमा के देवीपुर इलाके में पहुंची थी.
बताया जा रहा है कि पुलिस ने जैसे ही एक शराबी को पकड़ा तो दूसरा भागने लगा. भागने के दौरान वह गिरकर घायल हो गया. जब ग्रामीणों ने उसे घायल देखा तो भड़क उठे और उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया. गांववालों ने पुलिस की गाड़ी का पीछा किया और कठार गांव के पास गाड़ी को घेरकर हमला बोल दिया. इस हमले के दौरान गाड़ी में सवार उत्पाद विभाग के दरोगा, तीन सिपाही और ड्राइवर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. इधर घायल शराबी की पहचान गदियांनी टोला निवासी बृजलाल यादव के रूप में हुई है.
वहीं घटना की सूचना मिलते ही धनहा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. धनहा थानाध्यक्ष ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम और क्षतिग्रस्त वाहन की तलाश कर उसे थाना पर लाया गया है. इस सम्बन्ध में उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दी गई है और वे स्वयं भी मौके पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुटे हैं. बता दें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद सीमा पर शराब कारोबारी सक्रिय रहते हैं और अक्सर धनहा के इन क्षेत्रों में शराब तस्करी होती रहती है. आज जब पुलिस टीम उन्हें पकड़ने गई तो हमला कर दिया गया. अब पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कवायद में जुट गई है.
रिपोर्ट- इमरान
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!