)
Bagha News: बिहार के बगहा में जंगली भालू के हमले से एक किसान बुरी तरह घायल हो गया. घटना रामनगर प्रखंड के गोवर्धना थाना क्षेत्र स्थित बगही सखुआनी गांव की है. गांव के पास गन्ना के खेत में छिपे जंगली भालू नें किसान पर हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया है. बताया जा रहा है कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से भटककर भालू रिहायशी इलाके में पहुंच गया है, जो गन्ना के खेत में डेरा जमाये हुए है. रमेश मांझी नामक किसान पर एक साल के भीतर जंगली भालू ने दूसरी बार हमला किया है.
बताया जा रहा है कि रघीया वन क्षेत्र के बगही गांव से पश्चिम सरेह में पोइन के पास रमेश खुले में शौच करने गया था. अचानक VTR के घने जंगल से सटे गन्ना के खेत से बाहर निकलकर एक जंगली भालू ने उसपर हमला कर दिया. भालू के हमले के बाद वन विभाग की टीम ने जख्मी शख्स को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर सुजीत कुमार ने उसका इलाज किया.
हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए बेतिया GMCH रेफर कर दिया गया है. अब मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर VTR प्रशासन ने पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है.
बताया जा रहा है कि भालूओं का झुण्ड VTR से सटे कई इलाकों में गन्ना की फसल तैयार होने पर उसी खेत में अपना डेरा जमा लेते है, क्योंकि गन्ना की मिठास भालुओं को खूब पसंद है. यहीं वजह है कि किसानों के जान माल का नुकसान भी ऐसे सीजन में अक्सर हुआ करता है.
इनपुट: इमरान अजीज
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!