)
बेतिया से बड़ी खबर है कि दुर्गापूजा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. बेतिया एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन ने स्वयं कमान संभाल ली है ताकि जिले में दुर्गापूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके. एसपी लगातार थानों का निरीक्षण कर रहे हैं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रहे हैं.
बेतिया पुलिस ने सभी पूजा पंडाल समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि डीजे का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा. पूजा पंडालों में किसी भी तरह का शोरगुल और अशांति फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. एसपी ने कहा कि पूजा श्रद्धा और शांति से होनी चाहिए, इसमें असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जाए. कोई भी भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाला पोस्ट मिलने पर तुरंत कार्रवाई हो. सभी पूजा पंडालों पर 24 घंटे सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
पुलिस कप्तान ने पंडालों के आसपास महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा भीड़-भाड़ वाले इलाकों में उड़नदस्ता टीम और क्यूआरटी (क्विक रेस्पांस टीम) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. संवेदनशील इलाकों की निगरानी एसडीपीओ खुद करेंगे.
एसपी ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में ही किया जाएगा. इसका उद्देश्य पर्यावरण को सुरक्षित रखना और भीड़भाड़ में किसी प्रकार की अव्यवस्था से बचना है.
एसपी शौर्य सुमन ने कहा कि दुर्गापूजा के बाद विधानसभा चुनाव हैं, इसलिए इस समय शांति बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि असामाजिक तत्वों के प्रति किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए.
इनपुट- धनंजय द्विवेदी
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!