)
Sanjay Jaiswal Vs Prashant Kishor: बिहार की पश्चिम चंपारण लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद संजय जायसवाल और जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के बीच की जुबानी जंग अब कोर्ट तक पहुंच चुकी है. बीजेपी सांसद ने पीके को एक लीगल नोटिस भेजकर 15 दिन के अंदर माफी मांगने की मोहलत दी है. सांसद संजय जायसवाल ने कहा कि अगर प्रशांत किशोर ने 15 दिन के अंदर मुझसे माफी नहीं मांगी तो मैं मुकदमा दायर करूंगा. बता दें कि प्रशांत किशोर ने हाल ही में बीजेपी सांसद संजय जायसवाल पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगाए थे. इसी को लेकर अब बीजेपी सांसद ने उनके खिलाफ कानूनी कदम उठाने का फैसला लिया है.
सांसद संजय जायसवाल ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि राजनीति में बहुत सारे व्यक्ति हैं जो विभिन्न प्रकार के सफल व्यवसाय करते हैं, परंतु प्रशांत किशोर अकेला व्यक्ति हैं जिसने राजनीति का सफल व्यवसायीकरण किया है. वह (पीके) अपने धंधे को चमकाने के लिए जनप्रतिनिधियों पर झूठा आरोप लगाते हैं. चंपारण में उन्होंने (पीके) मुझ पर झूठा इल्जाम लगाया है कि मैंने छावनी के रेलवे ओवरब्रिज का एलाईमेंट में एक पेट्रोल पंप के लिए बदलाव किया, जो सरासर गलत है. बीजेपी सांसद ने कहा कि बेतिया की जनता जानती है कि वर्तमान में जो रास्ता है, वही राष्ट्रीय राजमार्ग था और उसी पर ओवरब्रिज बना है.
संजय जायवाल ने आगे लिखा कि मैं इस झूठे आरोपों से पीछे हटने वाला नहीं हूं. प्रशांत किशोर या तो माफी मांगे, नहीं जेल जाना तय है. बता दें कि हाल ही में प्रशांत किशोर बेतिया आए थे. यहां उन्होंने सांसद संजय जायसवाल पर आरोप लगाए थे कि संजय जयसवाल फेसबुकिया और टूटपूंजिया नेता हैं. फेसबुक पर सीएम नीतीश कुमार के बारे में लिखते थे, तो अध्यक्ष पद गंवाना पड़ा था. यही नहीं इन्होंने (संजय जायसवाल) अपने पेट्रोल पंप को बचाने के लिए पुल का एलाईमेंट चेंज किया था. अब दोनो नेताओ का जुबानी जंग कोर्ट पहुंच गई है.
बिहार-झारखंड की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Bihar-Jharkhand News In Hindi और पाएं Bihar-Jharkhand Latest News In Hindi हर पल की जानकारी. बिहार-झारखंड की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!