Bagaha News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 23 सितंबर यानी मंगलवार को पश्चिम चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर और बेतिया का दौरा करेंगे. लिहाजा, सीएम नीतीश की संभावित यात्रा को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है. बगहा जेडीयू जिलाध्यक्ष और एमएलसी भीष्म सहनी और वाल्मीकिनगर विधायक रिंकू सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सबसे पहले वाल्मीकिनगर आयेंगे. इसके बाद वे बेतिया लौटेंगे, जहां रमना मैदान के सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे.
जेडीयू विधान पार्षद भीष्म सहनी ने आगे बताया कि पश्चिम चंपारण के अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वाल्मीकिनगर में दो परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिसमें वाल्मीकिनगर से सिकटा तक दोन नहर पर बनने वाली सड़क और वाल्मीकिनगर गंडक बराज के पास लव कुश पार्क का सीएम नीतीश शिलान्यास कर करोड़ों की योजनाओं का सौगात देंगें. वहीं मुख्यमंत्री के वाल्मीकिनगर कन्वेंशन सेंटर में जीविका दीदियों से भी मिलने की उम्मीद है.
लिहाजा, प्रशासन उनके दौरे की तैयारियों में जुटा हुआ है. ख़ुद बगहा एसपी सुशांत कुमार सरोज़ और एसडीएम गौरव कुमार ने दल बल के साथ शनिवार को वाल्मीकिनगर में हेलीपैड निर्माण स्थल, कन्वेंशन सेंटर समेत तमाम सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर जायजा लिया. एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित दौरे की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कन्वेंशन सेंटर और हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया.
वहां मौजूद कर्मचारियों को कई निर्देश दिए गए हैं. जबकि ज़िला पुलिस के साथ साथ SSB पूरी तरह अलर्ट मोड में है. बता दें कि आगामी 2025 विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम चंपारण ज़िले में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का दौरा काफी अहम माना जा रहा है. क्योंकि अब तक की सारी यात्राएं उन्होंने इसी धरती से की हैं और एक ही दिन में बगहा समेत बेतिया में दो दो परिभ्रमण निर्धारित है.
इनपुट- इमरान अज़ीज़
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!