Bettiah News: बिहार के बेतिया से एक प्रेरणादायी और दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है. जहां यूपी के रामपुरवा महानवा निवासी दिव्यांग युवक अरविंद कुमार ने अपने जज्बे और हौसले से सबका दिल जीत लिया. अरविंद ने 2019 में हुए एक हादसे में अपना एक हाथ खो दिया था, लेकिन हार मानने के बजाय संघर्ष को अपना हथियार बनाया. अरविंद ने एक हाथ से लिखना सीखा और अपनी पढ़ाई पूरी करते हुए ग्रेजुएशन किया. खेल के प्रति जुनून ने उसे स्केटिंग में राज्य स्तर का खिलाड़ी बना दिया. साथ ही, उसने ड्रॉइंग और आर्ट में भी महारथ हासिल कर ली.
दिव्यांगता के बावजूद अरविंद की हिम्मत और लगन ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कठिनाइयां कोई मायने नहीं रखतीं. अब उसका सपना है कि वह यूपीएससी की परीक्षा पास कर एक बेहतर मुकाम हासिल करे. अरविंद के जीवन का सबसे बड़ा प्रेरणास्त्रोत हैं बेतिया के एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन. अरविंद ने बताया कि वह एसपी की जीवनी और उनके कामों से गहराई से प्रभावित है. उसे पता है कि डॉक्टर शौर्य सुमन पहले डॉक्टर थे, बाद में आईपीएस बने. जमुई में रहते हुए उन्होंने नक्सल समस्या पर उल्लेखनीय काम किया और बेतिया में अपराध के ग्राफ को काफी हद तक गिराया. अरविंद का कहना है कि वह उन्हीं की तरह समाज की सेवा करना चाहता है.
शनिवार को अरविंद स्केटिंग करते हुए बेतिया एसपी कार्यालय पहुंचा. जब पुलिसकर्मियों को उसने अपनी इच्छा बताई तो उसे तुरंत एसपी के पास ले जाया गया. अरविंद ने अपने आदर्श एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन का स्केच बनाकर उन्हें भेंट किया. यह भावुक कर देने वाला पल वहाँ मौजूद सभी लोगों के दिल को छू गया. अरविंद ने बार-बार दोहराया कि वह भी उन्हीं की तरह बनना चाहता है. एसपी डॉक्टर शौर्य सुमन भी युवक से पहली बार मिल रहे थे. उन्होंने अरविंद के जज्बे की सराहना की और उसकी हिम्मत बढ़ाई. एसपी ने न केवल उसे पढ़ाई जारी रखने की सलाह दी बल्कि अपना मोबाइल नंबर भी दिया ताकि जरूरत पड़ने पर सीधे संपर्क कर सके.
उन्होंने बताया कि बिहार सरकार खेल कोटा से युवाओं को नौकरियों का अवसर दे रही है और अरविंद जैसे हौसलेमंद युवकों के लिए सरकार हमेशा तत्पर है. यह मुलाकात केवल एक दिव्यांग युवक और उसके आदर्श की नहीं थी, बल्कि यह संदेश भी था कि सपनों और जज्बे के सामने कोई कमी मायने नहीं रखती. अरविंद की कहानी आज उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है जो कठिनाइयों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं.
इनपुट- धनंजय द्विवेदी
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!