)
बगहा से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है. यहां बीजेपी नेता तुषार सिंह की पहल पर दर्जनों दिव्यांग महिला, पुरुष और छात्रों को ट्राई साईकिल और व्हील चेयर वितरित की गई. इस मौके पर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके परिवारजनों में भी उत्साह देखने को मिला.
बगहा के डुमरिया में विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जहां डॉक्टर एल.बी. सिंह की मौजूदगी में दिव्यांग जनों का मेडिकल चेकअप और सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन किया गया. इसके बाद लगभग दो दर्जन जरूरतमंदों को ट्राई साईकिल सौंपी गई. इस पहल से दिव्यांग लोगों को चलने-फिरने में सहूलियत मिलेगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बन पाएंगे.
बताया गया कि बगहा विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से दिव्यांग जनों का सर्वे कराकर सूची तैयार की गई है. इस सूची में करीब 100 ऐसे लोग शामिल हैं जो जन्मजात दिव्यांग हैं या जिन्होंने किसी हादसे में हाथ या पैर खो दिए हैं. अब धीरे-धीरे मेडिकल कैंप लगाकर इन सभी तक ट्राई साईकिल और व्हील चेयर पहुंचाई जाएगी.
जब दिव्यांग जनों को ट्राई साईकिल और व्हील चेयर मिली तो उनके साथ-साथ परिवार वालों की आंखों में भी खुशी और संतोष साफ झलक रहा था. कई लाभार्थियों ने बताया कि अब उन्हें रोजमर्रा की जिंदगी जीने में बहुत सुविधा होगी और वे पहले से ज्यादा आत्मनिर्भर हो पाएंगे.
इस अवसर पर वरिष्ठ जेडीयू नेता दयाशंकर सिंह, केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दूबे के अनुमंडल अस्पताल प्रतिनिधि मनोज सिंह, पंकज कुमार, मंजय सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. साथ ही दिव्यांग लाभार्थी माधुरी देवी, लंगड़ साह, झूलन कुमार, आशा कुमारी, कन्हैया और धीरज सहित दर्जनों लोगों ने इस पहल का लाभ उठाया.
इनपुट- इमरान अजीज
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!