बगहा और रामनगर विधानसभा में आज भाजपा के दो बड़े नेता अमित शाह और योगी आदित्यनाथ की जनसभाएं होने जा रही हैं. अमित शाह रामनगर में नाराज थारू मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ बगहा में मौजूदा विधायक राम सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे. सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं.
)
बगहा से बड़ी खबर है जहां गुरुवार, 6 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी के दो दिग्गज नेता पश्चिम चंपारण जिले में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. एक ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रामनगर विधानसभा क्षेत्र के खैरवा दोन में जनसभा करेंगे, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बगहा सदर विधानसभा क्षेत्र के बबुई टोला खेल मैदान में भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा विधायक राम सिंह के पक्ष में वोट मांगेंगे. दोनों नेताओं के दौरे से पूरे जिले में राजनीतिक तापमान काफी बढ़ गया है.
)
रामनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले गृहमंत्री अमित शाह की सभा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शाह सुबह 11 बजे खैरवा टोला पहुंचेंगे और स्थानीय लोगों को संबोधित करेंगे. बताया जा रहा है कि अमित शाह खास तौर पर नाराज थारू आदिवासी मतदाताओं को साधने की कोशिश करेंगे. साथ ही एनडीए प्रत्याशी नंदकिशोर राम के लिए समर्थन मांगेंगे.
)
दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12 बजे बबुई टोला खेल मैदान, बगहा में जनसभा को संबोधित करेंगे. योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशी राम सिंह के लिए वोट मांगेंगे. सभा स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटने की उम्मीद है. उत्तर प्रदेश के शिक्षा और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और कहा कि जनता के अपार समर्थन से बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी.
)
दोनों दिग्गज नेताओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. बगहा के एसपी सुशांत कुमार सरोज ने खुद दल-बल के साथ सभा स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित थानाध्यक्षों को सुरक्षा से जुड़ी जरूरी हिदायतें दीं. प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है.
)
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग पूरी हो चुकी है और अब सभी की निगाहें दूसरे चरण पर टिकी हैं, जो 11 नवंबर को होगा. पश्चिम चंपारण जिले की 9 सीटों को भाजपा का गढ़ माना जाता है. एनडीए इन सभी सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है. यही वजह है कि अमित शाह और योगी आदित्यनाथ जैसे दिग्गज नेताओं को मैदान में उतारा गया है.
)
बगहा सदर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा विधायक राम सिंह ने अपने खिलाफ कुछ स्थानों पर उठी नाराजगी के सवालों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की साजिश है. उन्होंने दावा किया कि शहर से लेकर गांव तक एनडीए के पक्ष में लहर है और जनता फिर से भाजपा को भारी बहुमत देगी. राम सिंह ने बिहार में 225 सीटों पर एनडीए की जीत का भरोसा जताया.
ट्रेन्डिंग फोटोज़