)
Prashant Kishor Vs Sanjay Jaiswal: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल के बीच की लड़ाई अब अदालत के चौखट तक पहुंच गई है. सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने मंगलवार को बेतिया व्यवहार न्यायालय के सीजेएम कोर्ट में प्रशांत किशोर के खिलाफ परिवाद दायर किया है. कोर्ट ने परिवाद मंजूर भी कर लिया है. इससे अब प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अधिवक्ता चंद्रिका कुशवाहा ने बताया कि बिना साक्ष्य के प्रशांत किशोर ने चार बार के सांसद की राजनीतिक छवि धूमिल करने के लिए झूठा आरोप लगाया है. सांसद को बदनाम करने के लिए अनर्गल आरोप लगाए गए हैं. सांसद की ओर से यह भी कहा गया है कि पेट्रोल पंप को बचाने जैसी बातें झूठी हैं.
प्रशांत किशोर ने जब पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर पश्चिम चंपारण के सांसद पर आरोप लगाए, उसके बाद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर पर भी आरोपों की बौछार कर दी. डॉ. संजय जायसवाल ने कहा, प्रशांत किशोर जैसे नटवरलाल ने इस बात को सारी मीडिया के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीकार कर लिया कि रामसेतु इन्फ्रास्ट्रक्चर ने उसे 14 करोड रुपए दिए थे. उसने यह भी कहा कि अयोध्या रामी रेड्डी जो देश के सबसे अमीर सांसद हैं, ने यह 14 करोड़ रुपये दिए. इस नटवरलाल ने जो खुद का खुलासा किया है, उसके बाद मेरे पांच प्रश्न हैं:
1. रामसेतु इंफ्रास्ट्रक्चर में अयोध्या रामी रेड्डी जब डायरेक्टर ही नहीं है तब इसने 14 करोड़ रुपए किस हैसियत से प्रशांत किशोर को दिया.
2. प्रशांत किशोर ने खुद स्वीकार किया कि यह जनसुरज पार्टी को चंदा मिला था. फिर जन सुराज पार्टी के खाते में क्यों नहीं जमा किया गया.
3. जाॅय ऑफ़ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन के खाते में दिखाया जा रहा है कि रामसेतु ने इन्हें 14 करोड रुपए दान किए हैं. प्रशांत किशोर अपना काला धन किस हैसियत से इस ट्रस्ट में रखता है.
4. रामसेतु इंफ्रास्ट्रक्चर के खाते में यह क्यों लिखा है कि उसने केवल एक लाख रुपये ही जॉय आफ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन को दान किया है.
5. राम सेतु इन्फ्रास्ट्रक्चर ने अपने खाते में दिखाया है कि उसने 14 करोड रुपए एडवांस के तौर पर जाॅय ऑफ़ गिविंग ग्लोबल फाउंडेशन को दिया है. फिर जाॅय ने यह कैसे मान लिया कि यह पैसा उधार नहीं बल्कि दान है?
संजय जायसवाल ने आगे कहा कि यह साफ बताता है कि प्रशांत किशोर ने झूठे वादे किए हैं कि मैं सरकार बनाऊंगा तो सारी ठेकेदारी दूंगा और इसीलिए उसे एडवांस पैसा मिला है परंतु पीके ने शातिराना ढंग से इसे दान में दिखा दिया. जायसवाल ने यह भी कहा कि माइकोरिया बीमार को यह पहला बूस्टर है. पूरा घोटाला 14 करोड़ का नहीं, बल्कि 200 करोड़ का है.
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!