)
Bettiah Municiple Corporation: बेतिया नगर निगम की पूर्व आउटसोर्सिंग सफाई एजेंसी पाथेय के एमडी ने मेयर गरिमा देवी सिकारिया पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, जिसके बाद मेयर भड़क उठी हैं. मेयर गरिमा देवी सिकारिया का कहना है कि मेरा व्यक्तित्व और करीब आठ वर्षों का सार्वजनिक राजनीतिक जीवन शत प्रतिशत बेदाग है. मैं खुद पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर किसी भी उच्चस्तरीय जांच के लिए तैयार हूं. उन्होंने बताया कि नगर निगम चुनाव से ठीक पहले प्रशासक काल के दौरान तत्कालीन नगर आयुक्त शंभू कुमार और अन्य की सांठ-गांठ कर पाथेय एजेंसी नगर निगम में गैर वैधानिक एग्रीमेंट के आधार पर काबिज हो गई थी.
मेयर ने बताया कि पाथेय एजेंसी और तत्कालीन नगर आयुक्त के भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी लड़ाई लड़कर मैंने ही उसे नगर निगम से हटवाया था. इतना ही नहीं, उसके तीन करोड़ के भुगतान को भी जांच होने तक स्वयं रोका था. इसको लेकर डेढ़ साल से भी ज्यादा समय से पाथेय एजेंसी ने बेतिया नगर निगम के खिलाफ पटना हाई कोर्ट में मुकदमा दायर किया हुआ है और आज उसी के एमडी मुझे भ्रष्ट बता रहे हैं.
मेयर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि मेरे ड्राइवर दारा सिंह पर पैसा लेने की बात सोशल मीडिया पर उजागर होने की जानकारी मिली है. इसकी जांच भी सक्षम एजेंसी से कराई जाएगी. जांच होने तक मैंने अपने ड्राइवर को भी अपने काम से हटा दिया है. साथ ही अपने राजनीतिक विरोधियों से मैं पूछना चाहूंगी कि आखिर किसी के स्टाफ की गलती करने में उक्त व्यक्ति या उसके परिवार की इसमें संलिप्तता कैसे संभव है?
उन्होंने कहा कि उस आदमी की नगर निगम प्रशासन में कोई भूमिका या भागीदारी भी नहीं है. ऐसे में यह भी जांच का विषय है कि भ्रष्टाचार में लिप्त कोई व्यक्ति या संस्था द्वारा मामूली रकम का भी आखिर किस उद्देश्य से भुगतान किया गया है? इसके साथ ही उन्होंने पाथेय एजेंसी के खिलाफ लम्बित मामले को तेजी से पूरा करने की मांग की.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी । बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!