'अस्थि कलश यात्रा' के लिए राज्यों की राजधानियों में ले जाई गईं वाजपेयी की अस्थियां
Advertisement

'अस्थि कलश यात्रा' के लिए राज्यों की राजधानियों में ले जाई गईं वाजपेयी की अस्थियां

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को भाजपा की ‘अस्थि कलश यात्रा’ के तहत देशभर की नदियों में प्रवाहित करने के लिए आज राष्ट्रीय राजधानी से विभिन्न राज्यों में ले जाया गया. 

झारखंड में अस्थियां कल पांच नदियों में प्रवाहित होंगी.(फाइल फोटो)

नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को भाजपा की ‘अस्थि कलश यात्रा’ के तहत देशभर की नदियों में प्रवाहित करने के लिए आज राष्ट्रीय राजधानी से विभिन्न राज्यों में ले जाया गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिवंगत नेता की अस्थियों वाले कलश को पार्टी की प्रदेश इकाइयों के प्रमुखों को सौंपा. इस दौरान गृह मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी मौजूद थे. मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह पूर्व प्रधानमंत्री की अस्थियां लेकर राज्य की राजधानी भोपाल पहुंचे तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वहां मौजूद थे.

अस्थि कलश को राज्य में पार्टी मुख्यालय में रखा जाएगा और आगामी दिनों में अस्थियों को राज्य की दस नदियों में विसर्जित किया जाएगा. हिमाचल प्रदेश में, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अस्थि कलश प्राप्त किया और इसे जनता के लिए चर्चित रिज में रखा गया. उधर, पंजाब की व्यास नदी में वाजपेयी की अस्थियों को प्रवाहित किया गया.

केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक यह कलश लेकर पहुंचे थे
केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक यह कलश लेकर पहुंचे थे. हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि अस्थियों को 23 अगस्त को दो जगहों कुरुक्षेत्र के पेहोवा और यमुनानगर के हथिनीकुंड में नदियों में विसर्जित किया जाएगा. राजस्थान के मंत्री अरुण चतुर्वेदी अस्थियां लेकर राजस्थान पहुंचे. 

दिवंगत नेता की अस्थियां आज ओडिशा भी पहुंची 
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पुष्कर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी कोटा और गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया बेनेश्वर धाम में अस्थियों को प्रवाहित करेंगे. बिहार की राजधानी पटना में, अस्थि कलश प्रदेश भाजपा मुख्यालय में रखा गया और अस्थियों को कल से प्रवाहित किया जाएगा. दिवंगत नेता की अस्थियां आज ओडिशा भी पहुंची और इसे कल पुरी में बंगाल की खाड़ी में विसर्जित किया जाएगा . 

पड़ोसी पश्चिम बंगाल में अस्थियां गंगासागर और प्रदेश की विभिन्न नदियों में कल प्रवाहित की जाएंगी. झारखंड में अस्थियां कल पांच नदियों में प्रवाहित होंगी. गुजरात में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने प्रदेश भाजपा प्रमुख जीतू वाघानी तथा अन्य नेताओं की उपस्थिति में साबरमती नदी में अस्थियां विसर्जित कीं. पूर्व प्रधानमंत्री का अस्थि कलश कल उत्तर प्रदेश भी लाया जाएगा. अस्थियां हैदराबाद भी लाई गईं और आगामी दिनों में इन्हें प्रमुख नदियों में विसर्जित किया जाएगा . असम और अरुणाचल प्रदेश में भी अस्थियों को प्रवाहित किया जाएगा. 

इनपुट भाषा से भी 

Trending news