Advertisement
trendingNow13081125

DNA: क्या बिना पट्टाभिषेक कोई खुद को शंकराचार्य कह सकता है? स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द को मिले नोटिस से उठा सवाल

Jyotirpeeth Shankaracharya Controversy: क्या कोई व्यक्ति बिना पट्टाभिषेक के कोई खुद को शंकराचार्य कह सकता है? प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द को नोटिस भेजे जाने के बाद यह सवाल उठ खड़ा हुआ है.

Trending Photos

DNA: क्या बिना पट्टाभिषेक कोई खुद को शंकराचार्य कह सकता है? स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द को मिले नोटिस से उठा सवाल

Swami Avimukteshwarananda Shankaracharya controversy: सनातन के सर्वोच्च धार्मिक नेतृत्व और पद को लेकर विवाद हो रहा है. ये पद है शंकराचार्य का. विवाद ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य को लेकर है और उसके केंद्र में हैं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद. विवाद की शुरुआत माघ मेले में पवित्र स्नान को लेकर हुई थी. लेकिन अब ये शंकराचार्य की पदवी तक पहुंच गई है. प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने उन्हें नोटिस जारी करके 'शंकराचार्य' की पदवी पर सवाल उठाए हैं. 

आप खुद को ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य क्यों कह रहे?

इस नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के 14 अक्टूबर 2022 के एक आदेश का जिक्र किया गया है. इस आदेश के संदर्भ से स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द जी को ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य कहे जाने पर सवाल उठाए गए हैं. प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने अपने नोटिस में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि किसी भी धर्माचार्य का ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य के तौर पर पट्टाभिषेक नहीं किया गया है. बावजूद इसके आप यानी स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द जी स्वयं को ज्योतिषपीठ का शंकराचार्य बता रहे हैं. यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना है. आप 24 घंटे में बताएं कि स्वंय को ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य क्यों कह रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

प्रयागराज मेला प्राधिकरण और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी के बीच इस विवाद की शुरुआत मौनी अमावस्या यानी 18 जनवरी को हुई थी. तब स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी पालकी में बैठकर शिष्यों के साथ संगम स्नान के लिए जा रहे थे. पुलिस ने उन्हें रोका और पैदल संगम के लिए जाने को कहा. इसपर विवाद हुआ और ये विवाद अब शंकराचार्य की पदवी पर सवाल में बदल गया है.

कौन होते हैं शंकराचार्य?

ये सामान्य सवाल नहीं है. ये सनातन परंपरा के धार्मिक नेतृत्व पर सवाल है. इसे ऐसे समझिए कि शंकराचार्य को हिंदू धर्म में सर्वोच्च धर्म गुरु माना जाता है. जैसे बौद्ध धर्म में दलाई लामा, ईसाई धर्म में पोप की अहमियत है वैसे ही हिंदू धर्म में शंकराचार्य की पदवी है, इसलिए शंकराचार्य को जगद-गुरु की पदवी दी जाती है. धार्मिक नेता के तौर पर शंकराचार्य पर हिंदू धर्म की रक्षा, प्रचार और व्याख्या का दायित्व होता है.

शंकराचार्य पर हिंदू धर्म को बौद्धिक-आध्यात्मिक रूप से मजबूत करने और सनातन के सभी विभिन्न संप्रदायों को एक सूत्र में बांधने की जिम्मेदारी होती है. इसलिए शंकराचार्य की पदवी पर उठा सवाल सिर्फ एक संत और प्रशासन के बीच टकराव का मुद्दा नहीं है. ये हर सनातनधर्मी से जुड़ा मामला है. 

आदि शंकराचार्य ने शुरू की थी परंपरा

शंकराचार्य की पदवी पर उठाए गए विवाद पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, सुप्रीम कोर्ट के आदेश में पट्टाभिषेक पर रोक लगाने की बात कही गई है. यह कहीं नहीं कहा गया कि मैं अपने नाम के आगे शंकराचार्य का इस्तेमाल नहीं कर सकता. सुप्रीम कोर्ट के आदेश की गलत व्याख्या करके मेला प्राधिकरण ने आदेश की अवहेलना की है.

शंकराचार्य की परंपरा 12 सौ साल से भी ज्यादा प्राचीन है. इस परंपरा की स्थापना आदि शंकराचार्य ने की थी. उन्होंने सनातन के प्रचार और सांस्कृतिक विस्तार के लिए देश के पूरब-पश्चिम-उत्तर दक्षिण में चार मठ स्थापित किए. ये चार मठ हैं. ओडिशा के पुरी में गोवर्धन मठ, गुजरात के द्वारकाधाम में शारदा मठ, उत्तराखंड के बद्रीकाश्रम में ज्योतिष मठ और दक्षिण भारत के रामेश्वरम में श्रृंगेरी मठ.

देश के चारों कोनों पर स्थापित हैं मठ

देश के चार हिस्सों में बने ये चार मठ सनातन संस्कृति के आध्यात्मिक केंद्र हैं. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद स्वंय को उत्तराखंड के ज्योतिष मठ का शंकराचार्य कहते हैं. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का दावा है कि शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने उन्हें ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य नियुक्त किया था. शंकराचार्य का चयन परंपरा से होता है, यहां पूर्व शंकराचार्य उत्तराधिकारी चुनते हैं,.

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद संन्यासी हैं. शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने उन्हें ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य के तौर पर अपना उत्तराधिकारी भी चुना था. फिर विवाद क्यों हैं. इसके कानूनी पक्ष को समझना भी जरूरी है. ये विवाद 37 वर्ष पुराना है. 8 अप्रैल 1989 को स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने स्वंय को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया. 15 अप्रैल 1989 को वासुदेवानंद सरस्वती को भी ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य घोषित किया गया. इसके बाद विवाद कोर्ट में चला गया.

क्यों शुरू हुआ शंकराचार्य का विवाद?

2017 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोनों को शंकराचार्य मानने से इनकार कर दिया. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा था कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के  निर्णय का इंतजार किया जाए. 11 सितंबर 2022 को स्वरूपानंद सरस्वती जी के निधन के बाद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने स्वंय को ज्योतिष पीठ का शंकराचार्य घोषित कर दिया. अक्टूबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने ज्योतिष पीठ में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के पट्टाभिषेक और क्षत्र-चंवर के प्रयोग पर रोक लगा दी.

पट्टाभिषेक शंकराचार्य पद की औपचारिक अभिषेक का विधिवत अनुष्ठान होता है. पट्टाभिषेक के बाद ही व्यक्ति को पूर्ण रूप से शंकराचार्य कहा जाता है. पट्टाभिषेक के बाद शंकराचार्य धर्म प्रमुख के तौर पर छत्र-चंवर इस्तेमाल करते हैं.

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य का पद कानूनी विवाद में फंसा है. ये अप्रिय विवाद है. सोचिए जिस मठ को सनातन संस्कृति का विस्तार करना था. जिसे सनातन का रक्षा कवच बनना था. उस मठ में शंकराचार्य को लेकर विवाद है. सनातन हित में जरूरी है कि साधु-संत-विद्वान मिलकर इस विवाद का हल तलाश करें.

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Zee News Hindi पर. Hindi News और India News in Hindi के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.

About the Author
author img
Devinder Kumar

अमर उजाला, नवभारत टाइम्स और जी न्यूज चैनल में काम कर चुके हैं. अब जी न्यूज नेशनल हिंदी वेबसाइट में अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं. राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और जियो पॉलिटिकल मामलों पर गहरी पकड़ हैं....और पढ़ें

TAGS

Trending news