)
CM Vijay Helping Remove Table: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय (Vijay) एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए हैं. चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में हुए शपथ ग्रहण समारोह के बाद उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मंच पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर एक मेज हटाने में मदद करते दिखाई दे रहे हैं. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों बाद सामने आए इस वीडियो ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया. कई यूजर्स ने इसे विजय की सादगी और जमीन से जुड़े स्वभाव का उदाहरण बताया.
समारोह खत्म होने के बाद विजय मंच पर मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर एक मेज उठाते और हटाते दिखाई देते हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि विजय बिना किसी औपचारिकता के सीधे लोगों की मदद के लिए आगे बढ़ जाते हैं. यही सहजता सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रही है.
Sofa வ அண்ணனே கையாள தூக்கி ஓரம் வைக்கிறார்
முதலமைச்சர் என்ற தலைகனம் இல்லாத தலைவர் #CMJosephVijay pic.twitter.com/4geeKl9Uw6
— Ꮮᴇɢᴇɴᴅᵀⱽᴷ ·〇 ̶͞ᐟ (@LegenD_AK_tweet) May 10, 2026
वीडियो वायरल होते ही X, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. समर्थकों ने विजय की तुलना आम नेताओं से अलग बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी उनमें अहंकार नहीं, बल्कि विनम्रता दिखाई देती है. कई यूजर्स ने लिखा कि सत्ता के सबसे बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी विजय का ये व्यवहार उन्हें आम लोगों के करीब दिखाता है.
इस वायरल पल से ठीक पहले विजय ने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पहले आधिकारिक आदेशों पर हस्ताक्षर किए थे. इसके बाद उन्होंने मंच से संबोधन भी दिया. अपने भाषण में विजय ने खुद को लोगों में से एक बताते हुए पारदर्शी शासन का वादा किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में कोई पावर सेंटर नहीं होगा और प्रशासन के लिए केवल वही जवाबदेह रहेंगे.
अपने संबोधन में विजय ने महिलाओं की सुरक्षा, नशीले पदार्थों पर नियंत्रण और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी. इसके बाद विजय ने मंच पर मौजूद नेताओं और समर्थकों के साथ सेल्फी भी ली, जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) ने हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर सबको चौंका दिया. पार्टी लॉन्च होने के दो साल से भी कम समय में विजय का मुख्यमंत्री बनना दक्षिण भारतीय राजनीति की सबसे बड़ी घटनाओं में माना जा रहा है.