तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस ने डीएमके के साथ अपने वर्षों पुराने संबंध को समाप्त करने का ऐलान किया है. इसके बाद विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की है और सरकार बनाने का दावा पेश किया है.
Trending Photos
)
तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी को समर्थन देने के लिए कांग्रेस ने डीएमके के साथ अपने वर्षों पुराने संबंध को समाप्त करने का ऐलान किया है. कांग्रेस ने कहा कि विजय के साथ गठबंधन बस सरकार बनाने के लिए नहीं होगा बल्कि आने वाले निकाय, लोकसभा और राज्यसभा चुनावों के लिए होगा. इसके पहले 234 में से 108 सीट जीतने वाले टीवीके नेता विजय ने कांग्रेस से समर्थन मांगा था. विजय को बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की दरकार है. डीएमके (59 सीटें) के साथ चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं.
कांग्रेस का कदम स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके को नागवार गुजरा. जब मंगलवार रात ये स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस, टीवीके को सपोर्ट करेगी तो डीएमके प्रवक्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ये कदम डीएमके की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है क्योंकि हमारे ही दम पर उनकी पांच सीटें आई थीं.
हालिया दौर में कांग्रेस और डीएमके के साथ संबंध सहज नहीं रह गए थे. इस बार के चुनाव में राहुल गांधी और स्टालिन एक साथ मंच पर भी नहीं दिखे. अंदरखाने ये भी कहा गया कि राहुल गांधी चुनाव के दौरान विजय के साथ गठबंधन करने के इच्छुक थे लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनको ऐसा नहीं करने की सलाह दी थी, लिहाजा उस वक्त बात टल गई लेकिन जैसे ही जीत के बाद विजय ने कांग्रेस से संपर्क साधा तो पार्टी ने बिना देरी किए गठबंधन करने का फैसला कर लिया.
The President of Tamizhaga Vettri Kazhagam (TVK), Thiru C Vijay, has formally requested the Indian National Congress (INC) to extend its support for forming a government in Tamil Nadu. The people of Tamil Nadu, especially the youth, have delivered a very clear, strong and… pic.twitter.com/Aig79MoRoE
— Tamil Nadu Congress Committee (@INCTamilNadu) May 6, 2026
कांग्रेस के इस कदम से हालांकि दिल्ली के बीजेपी कैंप में बेचैनी है. तमिलनाडु में अन्नाडीएमके के साथ बीजेपी का गठबंधन है. अन्नाडीएमके को 47 और बीजेपी को एक सीट मिली है. कहा जा रहा है कि बीजेपी किभी भी हालत में ये नहीं चाहती कि तमिलनाडु में कांग्रेस सत्ता शेयर कर सके. लिहाजा अन्नाडीएमके पर दबाव डाला जा रहा है कि वो विजय के साथ गठबंधन कर कांग्रेस को सत्ता में पहुंचने से रोके.
अन्नाद्रमुक में भी इस वक्त बेहद बेचैनी का आलम है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी के 47 में से 10 विधायकों को छोड़कर सब विजय के साथ गठबंधन को इच्छुक हैं. पार्टी ने कहा भी है कि उनकी भी बातचीत विजय से चल रही है. लिहाजा अन्नाडीएमके पर बीजेपी और पार्टी के भीतर से दबाव है कि वो जल्द से जल्द गठबंधन को लेकर फैसला लें. ये भी कहा जा रहा है कि यदि पलानीस्वामी गठबंधन के लिए इच्छुक नहीं होते तो अन्नाडीएमके टूट भी सकती है और विधायक नया सेटअप बनाकर विजय के साथ जा सकते हैं. इन सबके बीच टीवीके चीफ ने आज राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया.
बताया जा रहा है कि विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर के सरकार बनाने का दावा पेश किया.पत्र में टीवीके के 108 विधायकों के हस्ताक्षर भी थे, जिन्होंने विजय को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद के रूप में समर्थन दिया था। इस बीच सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु के राज्यपाल विजय की ओर से पेश किए गए दावे और विधायकों के आंकड़ों से संतुष्ट नहीं और यह बताया कि कल यानी 7 मई को शपथ ग्रहण करना संभव नहीं होगा.
TVK ने बहुमत का दावा किया
इस बीच तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने न्यूज एजेंसी ANI को पुष्टि की है कि वह बुधवार शाम को TVK प्रमुख विजय से मुलाकात करेंगे. यह मुलाकात तब हो रही है जब TVK ने दावा किया है कि सरकार बनाने के लिए उनके पास बहुमत है. ANI से बात करते हुए गवर्नर ने कहा कि उन्हें TVK से एक पत्र मिला है जिसमें बहुमत का दावा किया गया है, और वह शाम को पार्टी प्रमुख से मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा, 'मुझे TVK से एक पत्र मिला है. वे शाम को मुझसे मुलाकात करेंगे. उन्होंने कहा है कि उनके पास बहुमत है और उन्हें सरकार बनाने के लिए बुलाया जाना चाहिए.'
तमिलनाडु में होटल पॉलिटिक्स चालू...बीजेपी गेम में नहीं होकर भी कर सकती है 'खेल' खराब!
अन्नाडीएमके से भी चल रही बात
इस बीच 118 के बहुमत के आंकड़े को पार करने के लिए गठबंधन बनाने की TVK की कोशिशें अभी भी जारी हैं. इसी क्रम में, पार्टी के महासचिव एन. आनंद ने बुधवार को AIADMK के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) से मुलाकात की. TVK के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी AIADMK महासचिव से संपर्क किया है.
234 सदस्यों वाली तमिलनाडु विधानसभा में TVK के पास अभी 108 सीटें हैं, जो कि 118 के बहुमत के आंकड़े से सिर्फ 10 कम हैं. पांच सीटों वाली कांग्रेस ने भले ही समर्थन का ऐलान कर दिया हो लेकिन सरकार बनाने के लिए विजय को अभी भी पांच और सीटों की जरूरत है. विजय कांग्रेस को छोड़कर AIADMK का दामन भी थाम सकते हैं, जिसके पास काफी ज्यादा सीटें हैं. अगर TVK, AIADMK के साथ गठबंधन करने में कामयाब हो जाती है (जिसने विधानसभा चुनाव में 47 सीटें जीती थीं), तो वे कांग्रेस के समर्थन के बिना ही आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर लेंगे.
इससे पहले, AIADMK के नेता सी.वी. षणमुगम ने कहा था कि TVK के साथ गठबंधन करने पर अंतिम फैसला उनकी पार्टी ही लेगी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, AIADMK के अंदर एक ऐसा गुट है जो विजय और उनकी पार्टी को समर्थन देने के पक्ष में है. ऐसी भी खबरें हैं कि ये विधायक एडप्पादी पलानीस्वामी की लीडरशिप से ज्यादा खुश नहीं हैं.
अब गेंद पूरी तरह से विजय के पाले में है कि वह कांग्रेस को साथ लेकर चलते हैं या फिर AIADMK को तोड़ने का रास्ता चुनते हैं.