सियाचिन से लेकर दक्षिण चीन सागर तक भारतीय सशस्त्र बलों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
Advertisement

सियाचिन से लेकर दक्षिण चीन सागर तक भारतीय सशस्त्र बलों ने मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

दुनिया के सबसे उंचे युद्ध क्षेत्र सियाचिन की बर्फ से ढकी चोटियों से लेकर विवादग्रस्त दक्षिण चीन सागर में तैनात युद्धपोतों तक भारतीय सशस्त्र बलों ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अपनी भागीदारी की।

नयी दिल्ली : दुनिया के सबसे उंचे युद्ध क्षेत्र सियाचिन की बर्फ से ढकी चोटियों से लेकर विवादग्रस्त दक्षिण चीन सागर में तैनात युद्धपोतों तक भारतीय सशस्त्र बलों ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अपनी भागीदारी की।

सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग, एयर चीफ मार्शल अरूप राहा और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर के धोवन के नेतृत्व में शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने आज राजपथ पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग किया जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर एक विशाल आयोजन की अगुवाई की।

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने मेरठ में योग दिवस पर आयोजनों में हिस्सा लिया। लेकिन सर्वाधिक साहस समुद्र तल से 18,800 फुट की उंचाई पर स्थित सियाचिन ग्लेशियर पर देखने को मिला जहां प्रतिकूल मौसम में सैनिकों ने योग किया। सियाचिन के मौसम के अनुकूल विशेष कपड़े पहने इन सैनिकों ने बर्फ में रखी चटाइयों पर बैठ कर योग किया।

सुबह करीब सात बजे सियाचिन में तापमान शून्य से नीचे चार डिग्री सेल्सियस था। करगिल, लद्दाख सहित देश भर में सेना की विभिन्न यूनिटों में भी योग के सत्र संपन्न हुए। नौसेना भी पीछे नहीं रही और उसके केंद्रों में तथा दक्षिण चीन सागर में तैनात भारतीय नौसेना के पोतों में भी योग सत्र हुए।

 

Trending news