नई दिल्ली : रोड रेज की एक घटना में मारे गये एक चालक के परिजन को एक करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर देने की मांग को लेकर डीटीसी के कर्मचारियों की मंगलवार को लगातार दूसरे दिन हड़ताल के कारण पूरे शहर में बस सेवाएं प्रभावित रहीं। हड़ताल के कारण लाखों यात्रियों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन सेवा की सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए दिल्ली सरकार ने हड़ताल करने वाले कर्मियों के खिलाफ आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम (एस्मा) लागू कर दिया है और उन्हें काम पर लौटने के लिए कहा है। हालांकि, डीटीसी ने दावा किया है कि दक्षिण और पूर्वी दिल्ली में सेवाएं सामान्य हैं और 2,000 से अधिक बसें सड़कों पर चल रही हैं और धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जनता को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यह हड़ताल राजनीति से प्रेरित है। हड़ताली कर्मचारियों को वापस आने और अपना काम फिर से शुरू करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है और एम्सा लगा दिया गया है। डीटीसी बसों के न चलने से पूरे शहर में लोगों को होने वाली परेशानी के कारण सरकार ने यह कार्रवाई की है।