सोम ने कहा-सपा सरकार अल्पसंख्यक समुदाय का तुष्टीकरण कर रही है
Advertisement

सोम ने कहा-सपा सरकार अल्पसंख्यक समुदाय का तुष्टीकरण कर रही है

भाजपा के विवादित विधायक संगीत सोम ने राजनीतिक विवाद को हवा देते हुए रविवार को दादरी का दौरा किया जहां उन्होंने प्रदेश की सपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अल्पसंख्यक समुदाय का तुष्टीकरण कर रही है और गोमांस खाने की अफवाह पर एक व्यक्ति की पीट पीट कर हत्या मामले में निर्दोष लोगों को फंसा रही है।

सोम ने कहा-सपा सरकार अल्पसंख्यक समुदाय का तुष्टीकरण कर रही है

दादरी : भाजपा के विवादित विधायक संगीत सोम ने राजनीतिक विवाद को हवा देते हुए रविवार को दादरी का दौरा किया जहां उन्होंने प्रदेश की सपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अल्पसंख्यक समुदाय का तुष्टीकरण कर रही है और गोमांस खाने की अफवाह पर एक व्यक्ति की पीट पीट कर हत्या मामले में निर्दोष लोगों को फंसा रही है।

सोम पर 2013 के मुजफ्फरनगर सांप्रदायिक दंगों के दौरान भड़काउ भाषण देने का आरोप था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ऐसे काम कर रही है जैसे वह पूर्वाग्रह से ग्रसित हो और दो साल पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हिंसा के दौरान भी उसने इसी प्रकार से काम किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार उन लोगों का बचाव कर रही है जिन्होंने ‘गोवध’ किया था।

पीड़ित अखलाक के परिवार ने रविवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भेंट की। इसकी पृष्ठभूमि में सोम ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया, ‘‘जिस प्रकार वे मुजफ्फरनगर दंगों के आरोपियों को विमान से ले गए थे, उसी प्रकार वे उन लोगों को विमान से ले गए जिन्होंने ‘गोवध’ किया। जब किसी की हत्या होती है तो उनके लिए अलग अलग नियम हैं। संजय राहुल यादव को घटना में गोली मार दी गयी, लेकिन क्या किसी को जानकारी है।’’

उत्तर प्रदेश के विधायक का यह बयान तब आया है जब भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि घटना को राजनीतिक या सांप्रदायिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। सोम ने सवाल किया कि राज्य सरकार ने एआईएमआईएम नेता असादुद्दीन ओवैसी को क्यों गांव का दौरा करने और ‘‘सांप्रदायिक उन्माद’’ फैलाने की अनुमति दी सोम ने कहा, ‘‘ओवैसी जैसे व्यक्ति को हैदराबाद से यहां आने की अनुमति दी गयी। क्या समाजवादी सरकार उनसे सांठगांठ कर रही है? हैदराबाद से एक व्यक्ति आता है और ऐसे बयान देता है। क्या यह सरकार की कमजोरी नहीं है?’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह सरकार एक खास समुदाय के तुष्टीकरण का प्रयास कर रही है। वे तुष्टीकरण की राजनीति करना चाहते हैं जिसे हम स्वीकार नहीं करेंगे।’’ बताया जाता है कि विधायक ने उन लोगों के परिवारें से मुलाकात की जिन्हें मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बिसाहड़ा गांव के स्थानीय मंदिर में एक सभा को भी संबोधित किया। सोमवार की रात को वहीं से घोषणा की गयी थी और उसके बाद यह घटना हुयी।

इस मामले में गिरफ्तारियों पर सवाल उठाते हुए सोम ने कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि जो हत्या के दोषी हैं, उनके खिलाफ मुकदमा नहीं चले, लेकिन सरकार को निर्दोषों को फंसाना नहीं चाहिए।’’ विधायक ने कहा, ‘‘राज्य में हत्या के मामलों में वृद्धि हो रही है लेकिन क्या सरकार उन मामलों में भी इसी प्रकार से काम कर रही है। क्या यहां आतंकवादी रह रहे हैं? पुलिस को जांच पूरी करने के बाद ही गिरफ्तारी करनी चाहिए।’’ इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है और एक होमगार्ड को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। स्थानीय मंदिर के पुजारी ने आरोप लगाया था कि उन्हें घोषणा करने के लिए बाध्य किया गया था।

Trending news