8 मार्च को स्कूलों में इस खास अंदाज से मनाया जाएगा International Women's Day
Advertisement

8 मार्च को स्कूलों में इस खास अंदाज से मनाया जाएगा International Women's Day

निशंक ने बताया कि शिक्षा के सभी स्तरों पर लड़कियों का कुल नामांकन अनुपात अब लड़कों की तुलना में अधिक है.

फाइल फोटो

नई दिल्ली: मानव संसाधन विकास मंत्रालय की पहल पर 8 मार्च को देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) मनाया जाएगा. छात्राओं को प्रेरित करने के लिए स्कूलों में विशेष सभाओं का आयोजन किया जाएगा. इन सभाओं में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल कर चुकीं महिलाओं पर वार्ता, रोल प्ले, दिन के सद्विचार और महिला सशक्तीकरण पर समूह गायन किया जाएगा.

  1. शिक्षा के सभी स्तरों पर लड़कियों का कुल नामांकन अनुपात अब लड़कों की तुलना में अधिक है
  2. लड़कों के 78 प्रतिशत की तुलना में लड़कियों का नामांकन 81 प्रतिशत है
  3. लड़कियों के लिए एक सेल्फ डिफेंस ओलंपियाड का आयोजन होगा

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने छात्राओं को अपने जीवन में उत्कृष्टता लाने के लिए और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां शुरू करने का फैसला लिया गया है, ताकि छात्राएं यह साबित कर सकें कि लैंगिक भिन्नता उत्कृष्टता हासिल करने में बाधक नहीं है. इसी दिशा में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग गोलमेज वार्ता का आयोजन करेगा और कई अन्य गतिविधियों के बीच देशभर के लगभग 40 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में विभिन्न विषयों पर महिला सशक्तीकरण के कई अन्य कार्यक्रम का आयोजन होगा.

निशंक ने बताया कि शिक्षा के सभी स्तरों पर लड़कियों का कुल नामांकन अनुपात अब लड़कों की तुलना में अधिक है. प्राथमिक स्तर पर लड़कों के 89 प्रतिशत के मुकाबले लड़कियों का नामांकन अनुपात 94 प्रतिशत है. वहीं अगर हम माध्यमिक स्तर पर बात करें तो लड़कों के 78 प्रतिशत की तुलना में लड़कियों का नामांकन 81 प्रतिशत है.

उन्होंने यह भी बताया कि योग ओलंपियाड की तर्ज पर स्कूल स्तर पर लड़कियों के लिए एक सेल्फ डिफेंस ओलंपियाड का आयोजन किया जाएगा. लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकारी स्कूलों की छठी से बारहवीं कक्षा की लड़कियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाता है. इसके अलावा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में संस्कृति और थिएटर क्लबों को महिलाओं के मुद्दों पर नुक्कड़ नाटक, माइम शो आदि आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. 

ये भी पढ़े:- कितनी फर्राटेदार इंग्लिश बोलती हैं ये दादी, सुनने वाले रह जाएंगे दंग, वीडियो हो रहा वायरल

Trending news