Advertisement
trendingNow1485675

लोकसभा में उठा सबरीमाला मंदिर विवाद का मुद्दा, BJP और कांग्रेस ने लगाए आरोप-प्रत्‍यारोप

शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल ने कहा कि केरल में पिछले दो तीन दिन में जो कुछ हुआ, वह दुखद है.

फाइल फोटो
फाइल फोटो

नई दिल्‍ली: केरल के सबरीमाला में गुरुवार को हुए प्रदर्शन और हिंसा का मुद्दा शुक्रवार (04 दिसंबर) को लोकसभा में उठा. जहां, कांग्रेस ने हिंदूवादी संगठनों की हड़ताल में हिंसा होने का आरोप लगाया. वहीं, बीजेपी ने इस घटनाक्रम के लिए केरल की माकपा नीत सरकार को जिम्मेदार ठहराया. शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल ने कहा कि केरल में पिछले दो तीन दिन में जो कुछ हुआ, वह दुखद है.

केरल के घटनाक्रम के विरोध में काली पट्टी पहने वेणुगोपाल ने कहा कि गुरुवार (03 जनवरी) को बीजेपी के लोगों ने राज्य में हड़ताल घोषित की, जिसमें तोड़फोड़ और हिंसा हुई. मीडियाकर्मी भी इसमें चोटिल हुए. हम चाहते हैं कि राज्य में इस समस्या का समाधान निकाला जाए. हिंसा से हल नहीं निकल सकता.

माकपा के पी करुणाकरण ने कहा कि इस संबंध में उच्चतम न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला दिया. बीजेपी के कई नेताओं ने भी इस फैसले का समर्थन किया था. केरल सरकार भगवान अयप्पा के भक्तों को संरक्षण देना चाहती है. संविधान में सभी नागरिकों को पूजास्थल पर जाने का अधिकार है.

Add Zee News as a Preferred Source

बीजेपी की मीनाक्षी लेखी ने कहा कि केरल में सत्तारूढ़ माकपा के लोग धर्म और अध्यात्म को नहीं मानते और धर्म विरोधी हैं लेकिन आज धर्म की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि माकपा के लोग परंपराओं को नहीं समझते. सबरीमला मंदिर की अपनी परंपराएं हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए. लेखी ने कहा कि सबरीमाला में पिछले कुछ दिन में हुई हिंसा और एक मौत के लिए राज्य की सरकार जिम्मेदार है. माकपा के लोग वहां माहौल को भड़का रहे हैं.

गौरतलब है कि सबरीमला मंदिर में 50 साल से कम उम्र की दो महिलाओं के प्रवेश के खिलाफ हिंदू संगठनों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया. हड़ताल के दौरान हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग 100 लोग घायल हो गये.

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news