दलित लड़के की हत्या के सिलसिले में दो पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज
Advertisement

दलित लड़के की हत्या के सिलसिले में दो पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज

जिले के देवीपुरा गांव में कथित तौर पर एक दलित लड़के की पुलिस की हिरासत में मौत के सिलसिले में शुक्रवार को दो सहायक पुलिस उपनिरीक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लड़के के परिवार का कहना है कि पुलिस ने उसकी रिहाई के लिए रूपये मांगे थे।

सोनीपत (हरियाणा) : जिले के देवीपुरा गांव में कथित तौर पर एक दलित लड़के की पुलिस की हिरासत में मौत के सिलसिले में शुक्रवार को दो सहायक पुलिस उपनिरीक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लड़के के परिवार का कहना है कि पुलिस ने उसकी रिहाई के लिए रूपये मांगे थे।

एक डॉक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम में पता चला कि 15 साल के गोविंद की मौत फांसी पर लटकने से हुई। लड़के को कबूतर की चोरी के आरोप में एक दिन पहले पुलिस थाने लाया गया था और उसे उसके घर के पास संदिग्ध हालत में मृत पाया गया। पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार ने ज्यादा जानकारी दिए बिना कहा कि दोनों सहायक पुलिस उपनिरीक्षकों :एएसआई: सुभाष और अनिल के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। हालांकि मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस ने कहा कि ‘गाडिया लोहार’ समुदाय के कुछ सदस्यों ने बुधवार को सोनीपत पुलिस थाने में लड़के के खिलाफ कबूतर की चोरी का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की थी। विरोध प्रदर्शन करने वाले गोविंद के परिवारवालों का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने उसे रिहा करने के लिए 15,000 रुपये की मांग की थी। उन्होंने कहा कि जब वे रूपये लेकर थाने गए तो उनसे कहा गया कि गोविंद को छोड़ दिया गया और उसने आत्महत्या कर ली होगी। परिवार वालों ने गोविंद को बर्बर तरीके से पीटे जाने का आरोप लगाया। वहीं पुलिस ने उसके गले पर कोई निशान होने का दावा किया। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने कहा कि गोविंद के शव पर चोट का कोई निशान नहीं है। एक डॉक्टर ने कहा कि उसकी मौत फांसी पर लटकने से हुई।

Trending news