सोनीपत में बक्सों में मिले लड़का-लड़की के शव, ऑनर किलिंग की आशंका
Advertisement

सोनीपत में बक्सों में मिले लड़का-लड़की के शव, ऑनर किलिंग की आशंका

हरियाणा के सोनीपत में दो अलग-अलग बक्सों में लड़का और लड़की के शव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों की हत्या गला दबाकर की गई है। दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस इसे ऑनर किलिंग के मामले से जोड़कर देख रही है।

तस्वीर सौजन्य : एएनआई

नई दिल्ली : हरियाणा के सोनीपत में दो अलग-अलग बक्सों में लड़का और लड़की के शव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों की हत्या गला दबाकर की गई है। दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस इसे ऑनर किलिंग के मामले से जोड़कर देख रही है।

लड़का और लड़की के शव दो अलग-अलग बक्सों में नेशनल हाईवे वन पर देवीलाल पार्क के पास से मिले। दोनों लाशों पर कपड़े नहीं थे। पुलिस के मुताबिक दोनों की गला दबाकर हत्या की गई। लड़की ने हाथ में चूड़ा पहना हुआ है।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया, ‘शव नग्न हालत में मिले हैं। पुरुष करीब 30 साल का जबकि महिला 25 से 30 साल के बीच की है। युवती ने चूड़ा पहना हुआ है जो पारंपरिक रूप से नवविवाहित युवतियां पहनती हैं।’ इस मामले के ऑनर किलिंग का मामला होने की आशंका के बारे में उन्होंने कहा कि अभी किसी आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

हरियाणा पुलिस ने गन्नौर के पुलिस उपाधीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया है। कुमार ने बताया, ‘पुलिस मामले को सुलझाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। हमने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अपनी टीमों को भेजा है।’उन्होंने साथ ही कहा कि शव राष्ट्रीय राजमार्ग एक के पास मिले हैं जो एक तरफ दिल्ली से तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश की सीमा से लगता है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने देशभर में विभिन्न राज्यों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया है और दोनों के फोटो उन्हें भेजे गए हैं ताकि पीड़ितों की पहचान में मदद मिल सके। उन्होंने कहा, ‘हम यह पता लगाने का भी प्रयास कर रहे हैं कि किसी पुलिस थाने में कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दाखिल हुई है ताकि संभावित लापता लोगों का दोनों शवों से मिलान किया जा सके।’

कुमार ने बताया कि दोनों शवों पर गला घोंटने के निशान हैं। इससे ऐसा लगता है कि उनकी हत्या कहीं ओर की गयी और शवों को यहां लाकर डाल दिया गया। डीएसपी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 201 (अपराध के सबूतों को नष्ट करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों पीड़ितों के शरीर के अंग तथा चेहरा सलामत हैं। हालांकि शवों पर कुछ चोट के निशान हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘हम मामले में ऑनर किलिंग से इंकार नहीं कर सकते। ऐसा लगता है कि किसी ने उन्हें बुरी तरह पीटा है। एक बार उनकी पहचान होने पर मामले पर रौशनी डालने में मदद मिलेगी।’ फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से सबूत तथा उंगलियों के निशान एकत्र किए। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news