Delhi News: दिल्ली के एक होटल में आज सुबह भीषण अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग अभी भी अस्पताल में हैं. 'लाक्षागृह' बने इस होटल में अधिकतर विदेशी नागरिक थे. अब तक इस हादसे से जुड़ा हर अपडेट जानने के लिए पढ़ें-
Trending Photos
)
Delhi Fire: आज सुबह दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया. इलाके के एक होटल में 50 से अधिक लोग मौजूद थे, तभी उसमें आग लग गई. यहां 6 कमरों की परमिशन थी, लेकिन कमरे 4 गुना से भी ज्यादा यानी 25 थे. पूरी इमारत ही अवैध थी. 'लाक्षागृह' बने इस होटल में हर जगह सिस्टम की खामी ही दिख रही है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस हादसे पर दुख जता चुके हैं. इस हादसे में अब तक क्या-क्या हुआ, सवाल-जवाब में जानिए सारी जानकारी एक नजर में...
सवाल: दिल्ली के मालवीय नगर स्थित Flourish Stay में आग कब और कैसे लगी?
जवाब: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में मौजूद फ्लॉरिश स्टे होटल में बुधवार सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे भीषण आग लग गई. इसका पूरा पता है- फ्लॉरिश स्टे, बिल्डिंग नंबर 259, C-2, हौज रानी, मालवीय नगर, दिल्ली. आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग इमारत के अंदर फंस गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग गैस सिलेंडर से लगी है. आग दोपहर में बुझा ली गई. फॉरेंसिक टीम अब मौके पर पहुंच गई है. टीम आगे की जांच कर रही. आग बिल्डिंग के ग्राउंड, फर्स्ट और सेकेंड फ्लोर पर लगी थी. ये बिल्डिंग बेसमेंट सहित ग्राउंड और पांच मंजिला (B+G+5) है.
सवाल: इस भीषण अग्निकांड में अब तक कितने लोगों की मौत हुई?
जवाब: अग्निकांड में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग अभी ICU में एडमिट हैं. एक गंभीर मरीज को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है.
सवाल: फ्लॉरिश स्टे में जिस समय आग लगी, तब कितने लोग अंदर मौजूद थे? कितने बचाए गए?
जवाब: होटल में आग लगने के दौरान 50 से अधिक लोग अंदर थे. 21 लोगों की मौत हो गई. इनमें AIIMS में 3 और मैक्स अस्पताल में 18 मौतें दर्ज की गई हैं. 37 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. कई अस्पताल में एडमिट हैं. कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल की खिड़कियों से बाहर छलांग लगाई. कुछ लोग छत पर भी चढ़ गए. स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर उनकी जान बचाने की कोशिश की. आग बुझाने में दिल्ली पुलिस के 10 जवान भी जख्मी हुए हैं. उनका इलाज एम्स में चल रहा है. इनमें 5 कॉन्स्टेबल और 5 हेड कॉन्स्टेबल हैं. वहीं 26 लोग घायल हुए हैं. घायलों में AIIMS में 3, पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में 2, मैक्स साकेत में 20 और सफदरजंग अस्पताल ट्रॉमा सेंटर में 1 मरीज भर्ती है.
सवाल: क्या Flourish Stay में नियमों को तोड़ा गया? इसमें कितने कमरे थे? कितने की परमिशन मिली थी?
जवाब: नियमों के तहत Flourish Stay में सिर्फ 6 कमरे होने चाहिए, लेकिन यहां 25 कमरे बने थे. 30 AC लगे थे. पूरी इमारत अवैध थी. फायर NOC भी नहीं थी.
सवाल: दमकल विभाग को सूचना कब मिली? CFO का क्या कहना है?
जवाब: साउथ जोन के चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक का कहना है कि सुबह 8.50 बजे आग की सूचना मिली. 39 लोगों को अस्पताल में शिफ्ट किया गया. एक फायरमैन को चोट आई है. इमारत में कोई भी जगह ऐसी नहीं थी, जहां से धुआं बाहर निकल सके. वेंटिलेशन न होने से इस तरह की इमारत आग लगने पर चिमनी की तरह काम करती है. लोगों को बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाता.
सवाल: क्या 21 मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं?
जवाब: मरने वालों में 6 विदेशी नागरिकों की पहचान हुई है. 9 भारतीय नागरिकों की भी शिनाख्त हो चुकी है. वहीं 6 लोगों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. विदेशी नागरिकों में नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक, बांग्लादेश और लाइबेरिया के लोग हैं. अभी भी कई लोग अस्पताल में गंभीर अवस्था में एडमिट हैं.
सवाल: Flourish Stay का मालिक कौन है? अग्निकांड के दोषियों पर सरकार ने अब तक क्या कार्रवाई की?
जवाब: इस होटल एंड रेस्टोरेंट के मालिक का नाम लोकेश बजाज है. इस होटल में तीन पार्टनर हैं. इन पार्टनर के दिल्ली में और भी होटल और गेस्ट हाउस हैं. पुलिस ने इस अग्निकांड पर होटल के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
सवाल: इस होटल एंड रेस्टोरेंट में कौन लोग थे? इतने विदेशी नागरिक वहां क्यों थे? मैक्स अस्पताल का क्या कहना है?
जवाब: इस होटल में अधिकतर लोग वे थे जो मैक्स अस्पताल में इलाज कराने आए थे. कई तीमारदार थे. मैक्स इस होटल के पास में ही है. मैक्स हेल्थकेयर के ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप बुद्धिराज ने बताया कि 8 घायल वेंटिलेटर पर हैं. अधिकांश को लंग्स में इंजरी हुई है. 5 मरीजों को हल्की चोटें लगी हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया. मैक्स अस्पताल में जिन 18 मरीजों की मौत हुई, उनमें 9 पुरुष और 9 महिलाएं शामिल हैं.
सवाल: अग्निकांड के बाद अब सरकारी मशीनरी एक्टिव हुई है. अब क्या एक्शन लिया जा रहा?
जवाब: आग लगने के बाद अब शासन-प्रशासन एक्टिव हो गया है. पुलिस और अन्य अथॉरिटी अब जहां नियमों को तोड़ने वालों की पड़ताल कर रहे हैं. वहीं दिल्ली के उपराज्यपाल ने इस मामले पर 5 बजे बैठक बुलाई. इसमें पुलिस और फायर विभाग के सीनियर अधिकारी मौजूद रहेंगे. वहीं SDM महरौली की टीम इलाक़े में पहुंची है. हर मकान और दुकान का सर्वे हो रहा है.