Delhi Lal Quila Blast: दिल्ली के लाल किले इलाके के पास हुए ब्लास्ट में सफेद रंग की आई 20 कार शामिल थी. इस कार के अलग-अलग मालिक रह चुके हैं.
Trending Photos
)
Delhi Blast: दिल्ली के लाल किले के पास बीते दिन हुए ब्लास्ट ने राजधानी को दहला दिया है. इस ब्लास्ट की जांच का शुरुआती पॉइंट सफेद कलर की आई 20 कार के क्षतिग्रस्त अवशेष थे, जिसमें विस्फोटक रखे गए थे. जांचकर्ताओं ने विस्फोट की साजिश का पर्दाफाश करने के लिए कार का पता लगाया. इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. बता दें कि HR26CE7674 रजिस्ट्रेशन नंबर वाली यह कार साल 2013 में बनी थी. इसे साल 2014 में सलमान के नाम पर रजिस्टर किया गया था और रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट में लिखा है कि वह कार के दूसरे मालिक थे. सर्टिफिकेट में लिखा था कि सलमान गुरुग्राम में रहते थे.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हुंडई आई-20 कार शुरू में मोहम्मद सलमान के पास थी, जिसे सोमवार रात गिरफ्तार किया गया था. कार का मालिकाना हक कई बार बदला गया. इसे पहले नदीम फिर फरीदाबाद के एक सेकेंड-हैंड कार डीलर को को बेचा गया. बाद में यह गाड़ी आमिर ने खरीदी और उसके बाद तारिक ने, जिस पर भी फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने का संदेह है. इसके बाद मोहम्मद उमर ने इसे खरीद लिया था. जांच एजेंसियां आमिर और तारिक दोनों के बारे में और पुख्ता जानकारी जुटा रही हैं. वहीं, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच के बाद यह सामने आया कि सफेद आई 20 कार दोपहर लगभग 3.19 बजे लाल किला पार्किंग क्षेत्र के पास खड़ी थी और लगभग 3 घंटे तक वहीं रही. उसके बाद शाम लगभग 6.48 बजे पार्किंग से बाहर निकली. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार को उस समय पार्किंग क्षेत्र से निकलते देखा गया जब आसपास भारी भीड़ थी.
आसपास के अन्य CCTV की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वाहन को पार्किंग क्षेत्र में कौन लाया, कार में कौन आया या बाहर निकला और बाद में उसे कौन चलाकर ले गया. जांच टीमें पूरे रूट का भी पता लगाने में जुटी हैं, जैसे वह कहां से आया, वह लाल किला पार्किंग तक कैसे पहुंचा और बाद में स्मारक के ठीक सामने स्थित ट्रैफिक सिग्नल की ओर कैसे बढ़ा? पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कार के रूट का पता लगाने और संदिग्ध की पहचान करने के लिए आसपास की सड़कों और पार्किंग टोल प्लाजा के फुटेज समेत 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने कहा,' फुटेज में संदिग्ध अकेला दिखाई दे रहा है.' उन्होंने आगे बताया कि दरियागंज जाने वाले रास्ते पर भी जांच की जा रही है. यह विस्फोट सोमवार 11 नवंबर 2025 शाम को हुआ जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी हुंडई आई 20 कार में विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. यह घटना पुलिस की ओर से फरीदाबाद में एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और 2,900 किलोग्राम विस्फोटक और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद जब्त करने के कुछ घंटों बाद हुई. पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में उन्होंने जम्मू-कश्मीर के 2 डॉक्टरों, आदिल अहमद राथर और मुजम्मिल को गिरफ्तार किया है, जो इन आतंकी संगठनों से जुड़े थे. सूत्रों के अनुसार, इन्हीं वजहों से मॉड्यूल में दहशत फैल गई और विस्फोट हुआ. इस कार ब्लास्ट को लेकर UAPA की धारा 16 और 18 के साथ-साथ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. ( इनपुट- IANS)